Osho Whatsapp Group

To Join Osho Hindi / English Message Group in Whatsapp, Please message on +917069879449 (Whatsapp) #Osho Or follow this link http...

Wednesday, December 26, 2018

एक धारणा है कि परमात्मा मनुष्य की देह धर कर अवतरित होता है। और दूसरी धारणा है कि मनुष्य का आत्यंतिक विकास परमात्मा में होता है। इसमें से कौन सी धारणा सत्य के ज्यादा करीब है?




पहली बात, कोई भी धारणा सत्य के करीब नहीं होती। धारणा-मात्रा सत्य से दूर होती है।
 
सत्य ऐसा है कि किसी धारणा में समाता नहीं; समा जाये, तो सत्य नहीं। धारणा तो छोटा सा आंगन है--और सत्य हैः विराट आकाश। न तो इस आंगन में समाता है; न उस आंगन में समाता है। ऐसा नहीं है कि झोपड़े के आंगन में नहीं समाता; राजमहल के आंगन में भी नहीं समाता। आंगन में ही नहीं समाता। जो समा जायेआकाश ही नहीं; जो न समाये वही आकाश है।

तो पहली तो बातः कोई धारणा सत्य के करीब नहीं होती। सभी धारणाएं सत्य की तरफ इशारे हैं। जैसे मैं अंगुली से चांद को दिखाऊं; कोई दूसरा किसी और उपाय से चांद को दिखाए; कोई तीसरा किसी और उपाय से चांद को दिखाए। लेकिन सब उपाय चांद से दूर हैं। कोई उपाय चांद नहीं है। मेरी अंगुली चांद नहीं है। और जो अंगुली को पकड़ लेगा, वह चांद से चूक जायेगा। शब्द से सावधान रहना। धारणा तो शब्दों में होती है और सत्य मौन में। उनकी यात्रा विपरीत है।

 
शब्द से परिभाषा हो जाती है; लेकिन जिसे मौन में जाना हो, उसकी परिभाषा शब्द से कैसे होगी? जिसे शब्द को छोड़ कर जाना जाता हो, उसे शब्द में तुम कैसे भरोगे? इसलिए न तो हिंदू, न मुसलमान, न ईसाई, न जैन किसी की धारणा सत्य नहीं है। धारणा सत्य होती ही नहीं।
 
अब तुम पूछते होः कौन सी धारणा करीब है?

इसका मतलब यह हुआ कि कोई चीज सत्य के थोड़े ज्यादा करीब हो सकती है, कोई चीज सत्य से थोड़े ज्यादा दूर हो सकती है। इसका अर्थ हुआ कि कोई झूठ सत्य के ज्यादा करीब हो सकता है; एक झूठ सत्य से ज्यादा दूर हो जाता है। लेकिन तब तो दो झूठों में फर्क हो जाएगा। और झूठों में फर्क नहीं होता। झूठतो झूठ है।

या तो कोई चीज सत्य होती है या नहीं होती; करीब का सवाल ही नहीं है। करीब से करीब भी जो होगा, वह भी तो असत्य ही होगा! और सत्य आंशिक नहीं होता है; जब भी होता हैपूर्ण होता है।

 
सत्य के टुकड़े नहीं हो सकते। तुम ऐसा नहीं कह सकते कि मेरे पास आधा सत्य है; कि मेरे पास पाव सत्य है; कि मेरे पास तो तोला भर है! सत्य के टुकड़े नहीं होते; सत्य अखंड है। टुकड़े नहीं होते; विभाजन नहीं होते।

तो एक धारणा पास, एक धारणा दूर, तो इसका अर्थ होगाः एक धारणा में सत्य थोड़ा ज्यादा और एक धारणा में सत्य थोड़ा कम है! सत्य के खंड हो जायेंगे। और सत्य के खंड नहीं होते। तो या तो सत्य होता हैया सत्य नहीं होता।

सभी धारणाएं असत्य हैं; उपयोगी हैं जरूर, लेकिन असत्य हैं। असत्य का भी उपयोग है। और कभी-कभी समझदार आदमी हो, तो असत्य का उपयोग भी सत्य की तरफ जाने में कर ले सकता है।

 
जैसे एक सूफी कहानी है। एक आदमी घर लौटा बाजार से थका-मांदा और देखाः उसके घर में आग लग गई है। चार-दीवारी पर आग फैल गई है और उसके बच्चे भीतर खेल रहे हैं। स्वभावतः वह चिल्लायाः बच्चो, बाहर आ जाओ। छोटे बच्चे हैं, कोई पांच साल का, कोई चार साल का, कोई छह साल का। वह चिल्लाया कि बाहर आ जाओ; घर में आग लगी है। लेकिन बच्चे अपने खेल में मस्त हैं। उन्होंने अपने बाप की सुनी-अनसुनी कर दी। बाप भीतर जा भी नहीं सकता; आग खतरनाक है। शायद लौट भी न पाए बाहर। बाहर से ही चिल्ला सकता है।

अब बाप क्या करे? उसे सूझी, उसे ख्याल आया। बच्चों ने उससे कहा था कि जब बाजार से आओ, तो खिलौना-गाड़ी ले आना। तो वह चिल्लाया कि अरे पागलो, कर क्या रहे हो! खिलौना-गाड़ी मैं ले आया हूं। ऐसा सुनते ही बच्चे भाग कर बाहर आ गए। बाप खिलौना-गाड़ी लाया नहीं है। यह बात सरासर झूठ थी। लेकिन झूठी खिलौना-गाड़ी ने बच्चों को आग से बचा लिया।

 
ऐसी ही धारणाएं हैं सब।

धारणा कोई भी सत्य नहीं है। जिन्होंने देखा कि तुम्हारे घर में आग लगी हैऔर तुम मशगूल हो खेलों में; और तुम अंधे हो, और तुम्हें आग की लपट दिखाई नहीं पड़तीं; जिन्होंने देखा कि तुम्हारा घर धू-धू कर जल रहा है और तुम्हें पुकारना चाहा और तुम्हें बचाना चाहा, उन्होंने कुछ खिलौनों की बातें कहीं। उन्होंने उन खिलौनों की बातें कहीं, जिनमें तुम्हारा रस है; क्योंकि तुम उन्हीं के कारण बाहर आ सकोगे।

 
सत्य तो कहा नहीं जा सकता। और सत्य कहा भी जाए, तो तुम समझ न पाओगे। तुम जहां हो, वहां तो झूठ पर ही तुम्हारी सारी पकड़ है। तुम जहां हो, वहां तो झूठ की भाषा ही समझ में आती है! तुमसे तो झूठ ही बोलना होगा।

नहीं साँझ नहीं भोर 

ओशो

जब गुरु शिष्य की मौत ही है, तो झटके से क्यों नहीं मार डालते? हलाल क्यों करते हैं?


कारण है। एक छोटी कहानी से कहूं। एक आदमी दांत के डाक्टर के पास गया। उसका दांत निकाला गया। लेकिन उसने इतना शोरगुल मचाया और इतनी हुल्लड़ की कि बाकी मरीज जो आए थे, वे सब भाग गए। जब डाक्टर ने उसको अपना बिल दिया, तो वह बिल साधारण से आठ गुना ज्यादा था। उस आदमी ने कहा, क्या मजाक कर रहे हो? कभी सुना है, एक दांत निकालने का इतना पैसा? यह तो आठ-दस गुना ज्यादा मालूम पड़ता है।

उस डाक्टर ने कहा कि नहीं, वे जो आठ मरीज भाग गए, उनका पैसा कौन देगा?

तुम्हें एक झटके से तो मार डालूं, मगर और मरीज भाग जाएंगे। ऐसे धीरे-धीरे हलाल करना पड़ता है। और जैसे-जैसे तुम तैयार होते हो, वैसे-वैसे ही मारे जा सकते हो। क्योंकि मृत्यु कोई साधारण घटना नहीं है।

गुरु के पास जो मृत्यु घटित होती है, वह तो परम घटना है। वह तो परम जीवन का द्वार है। उसकी तुम्हारी तैयारी भी तो होनी चाहिए। वह कोई आत्महत्या थोड़े ही है, कि जिसने चाहा, उसने कर ली। आत्महत्या के लिए कोई गुणधर्म तो नहीं चाहिए। कोई भी कूद पड़े पहाड़ से मर जाएगा। पानी में गिर पड़े, डूब जाएगा। कुएं में गिर जाए, मर जाएगा। जहर खा ले।

 
आत्महत्या तो नहीं है, गुरु के पास जो घटना घटती है, वह तो परम-मृत्यु है। उसको ही तो हमने समाधि कहा है।

यह हमारा शब्द ‘समाधि’ बड़ा बहुमूल्य है। जब संन्यासी मरता है तो उसकी कब्र को भी हम समाधि कहते हैं। और जब कोई व्यक्ति ध्यान को उपलब्ध होता है तब भी उसको हम समाधि कहते हैं। वह भी एक कब्र बन गई।

पुराना तो गया, नहीं बचा; नये का जन्म हुआ। रात टूट गई, सुबह हुई। अब सुबह का रात से क्या लेना-देना? सुबह का सूरज और सुबह पक्षियों के गीत और आकाश में फैला किरणों का जाल, इससे क्या संबंध है उस अंधेरी रात का, जो अभी-अभी थी? रात तो मर गई। रात में और दिन में कोई सिलसिला थोड़े ही है! राम और दिन किसी एक ही चीज का फैलाव थोड़े ही मालुम होते हैं। दोनों के बीच एक अंतराल है। रात रात है, दिन दिन है।

जब ध्यान गहरा होगा तो तुम अचानक पाओगे कि तुम्हारा जो कल तक था, तुम्हारा अतीत, वह ऐसे ही चला गया, जैसे सुबह रात खो जाती है। और एक नये व्यक्तित्व का जन्म हुआ, एक नई आत्मा बिल्कुल कुंआरी और ताजी पैदा हुई; जिससे तुम अपरिचित थे, जिसे तुमने कभी जाना ही न था। यह द्वार भी है तुम्हारे भीतर। यह तुमने कभी खोला ही न था।

और इस द्वार के भीतर परमात्मा विराजमान है सिंहासन पर। इसकी तुम्हें कभी भनक भी न पड़ी थी। तुम तो अपने घर के बाहर-बाहर जी लिए थे। तुम तो भीतर कभी आए ही न थे। यह जो भीतर आया है, वह बिल्कुल नया है। मृत्यु का यही अर्थ है।

गुरु मृत्यु है; इसका अर्थ है, कि गुरु के पास तुम्हारा अतीत, तुम्हारा जराजीर्ण, तुम्हारा पुराना मरेगा; अभिनव का, अलौकिक का, अज्ञात का जन्म होगा।

यह आत्महत्या होती तो एक क्षण में भी हो जाती। तैयार होना पड़ेगा। यह मृत्यु तुम्हारी तैयारी से आएगी। यह तो तुम्हें अहंकार को छोड़ने की क्षमता आएगी, तभी हो सकती है। यह गुरु के हाथ में नहीं है, कि वह तुम्हें हलाल कर दे या झटके से मार डाले। धीरे-धीरे मारे, या जल्दी मार डाले; यह तुम्हारे हाथ में है। अगर तुम राजी हो, तो एक क्षण में भी गुरु मार डाल सकता है। गुरु को क्या अड़चन है? तुम्हारी देर से ही देर होती है। लेकिन तुम राजी नहीं हो, इसलिए गुरु तुम्हें लुभाता है, समझाता है, बुझाता है, राजी करता है। हजार बातें समझाता है, जिनके बिना समझाए चल जाता। लेकिन तब तुम भाग खड़े होते। तब तुम डर जाते। तब तुम भयभीत हो जाते।

क्योंकि तुम तो मृत्यु का अर्थ एक ही जानते हो..मर जाना, मिट जाना। वह दूसरा अर्थ, कि मृत्यु के बाद एक पुनरुज्जीवन है, वह तो तुम्हें पता नहीं है। वह गुरु को पता होगा, लेकिन उसका पता होना तुम्हारे काम नहीं आ सकता। तुम तो उसके हाथ में छुरी देखकर घबड़ा जाओगे।

 
तो वह छुरी छिपा कर रखता है। फूलों में ढांकता है। शब्दों और सिद्धांतों में रखता है। शास्त्रों में दबा देता है। वह तुम्हें देखने नहीं देता। वह तुम्हें उसी दिन देखने देगा, जिस दिन तुम्हें इस बोध की थोड़ी सी भनक पड़नी शुरू हो जाएगी, कि मरे बिना महाजीवन नहीं मिलता। मिटे बिना परमात्मा होने का कोई उपाय नहीं। खोना ही पाना है।

जिस दिन तुम राजी हो जाओगे, जैसे सागर में नदी खोने को राजी हो जाती है, गिर जाती है, तो खोती थोड़े ही है! पूरा सागर उसका अपना हो जाता है।

मेरा मुझ में कुछ नहीं 

ओशो


Monday, December 17, 2018

अनंत जन्मों के पाप न कटेंगे, तब तक कैसे ज्ञान होगा? ज्ञान कहीं तत्क्षण हो सकता है?


मैंने सुना है, अकबर निकलता था एक रास्ते से; और एक आदमी ने अपने छप्पर पर खड़े होकर उसे गालियां देनी शुरू कर दीं। आदमी पकड़ लिया गया, जेलखाने में डाल दिया गया। दूसरे दिन अकबर के सामने लाया गया। अकबर ने पूछा, कि क्या हुआ? क्यों तू गालियां बक रहा था? और किसलिए तूने यह उपद्रव किया?उस आदमी ने कहा, कि क्षमा करें; मैंने गाली बकी ही नहीं। अकबर ने कहा, मैं खुद मौजूद था, किसी गवाह की कोई जरूरत नहीं। तू गाली बक रहा था।

उस ने कहा, मैं फिर आप से कहता हूं, गाली आपने सुनी होगी, किसी ने बकी होगी, लेकिन मैंने नहीं बकी, क्योंकि मैं शराब पीए था, मुझे होश ही न था।

क्या करोगे इस आदमी को? अकबर ने कहा, अगर होश ही न था तो छोड़ दो। आगे से थोड़ा होश रखने का खयाल रख।

गाली देने के लिए जिम्मेवारी खत्म हो गई। होश ही न हो. . .छोटे बच्चों को अदालत भी दंड नहीं देती क्योंकि उन्हें होश नहीं है। शराबी को अदालत भी छोड़ देती है, क्योंकि क्या करोगे? पागल को कोई अदालत दंड नहीं देती। वह हत्या भी कर दे, तो भी उसको क्या दंड दिया जा सकता है? उसे पता ही नहीं, वह क्या कर रहा है।

 
तुमने जन्मों-जन्मों में जो किया है, उसका तुम्हें पता है? या तो तुम बच्चे हो, या शराब में हो, या पागल हो। नींद में तुमने किया है। सपना था तुम्हारा अतीत। उसी सपने को हम माया कहते हैं। माया का अर्थ ही यह है, कि जिसमें तुमने जो भी किया है, वह सपने के बराबर है। उसका कोई मूल्य नहीं है।


तब तक जागे नहीं हो, तब तक मूल्य है। रात सपना देखते हो; जब तक जागे नहीं, तब तक सपने में मूल्य है। तुमने एक आदमी की हत्या कर दी है और तुम घबड़ा गए और भाग रहे हो और बच रहे और छिप रहे हो पहाड़ों में और तब सपना टूट गया! अब तुम क्या करोगे? छिपोगे, डरोगे, कि पुलिस कहीं पकड़ न ले? तुम सिर्फ हंसोगे; तुम कहोगे, सपना टूट गया। सपने में हत्या की थी, सपने में ही भाग रहा था।

माया का केवल अर्थ इतना है कि सोए हुए तुमने सारे कृत्य किए हैं। सोए हुए ही तुम उनसे बचने की कोशिश कर रहे हो। और सारी साधना का सूत्र एक है कि तुम जाग जाओ। जागते ही, सोए हुए तुमने जो किया है, वह व्यर्थ हो जाता है। वह सपने से ज्यादा नहीं है।

लेकिन तुम्हारी तरकीबें हैं। तुम कहते हो कि जब तक अनंत जन्मों के पाप न कटेंगे, तब तक कैसे ज्ञान होगा? ज्ञान कहीं तत्क्षण हो सकता है?

और मैं तुमसे कहता हूं, ज्ञान जब भी होता है, तत्क्षण होता है। ज्ञान कोई क्रमिक प्रक्रिया नहीं है कि धीरे-धीरे, धीरे-धीरे, धीरे-धीरे होता है। तुम जब सुबह जागते हो तो धीरे-धीरे जागते हो? एक क्षण पहले नींद थी और एक क्षण बाद होश है। दोनों के बीच में कोई ऐसी जगह होती है, जब तुम कह सको कि आधा होश है, आधा होश नहीं है? क्योंकि अगर आधा होश भी है तो नींद टूट गई। अगर तुम कहो कि जरा सा होश है, बाकी नींद है; तो भी नींद टूट गई। क्योंकि जिसको इतना भी पता है, कि जरा सा होश है, वह जाग गया।

ऐसी ही घटना घटती है अंतस के लोक में। तुम जाग जाते हो क्षण में।

लेकिन तुम कहते हो--असंभव, कठिन, मुश्किल! तुम कहते हो मैं पापी; मुझसे कैसे होगा? मैंने बड़े बुरे कर्म किए हैं, मैं कैसे परमात्मा को पा सकता हूं?सभी ने कर्म किए हैं और सभी ने बुरे कर्म किए हैं। क्योंकि बेहोशी में कोई अच्छे कर्म कर ही कैसे सकता है? पाप से परमात्मा को पाने में कोई बाधा नहीं है। जब तक तुमने परमात्मा को नहीं पाया है, तब तक पाप जारी रहेगा। परमात्मा से पाप में बाधा पड़ती है, पाप से परमात्मा में बाधा नहीं पड़ती। और अगर पाप से परमात्मा में बाधा पड़ जाए तो पाप बड़ा हो गया है, परमात्मा छोटा हो गया। पाने-योग्य भी न रहा । दो कौड़ी का हो गया। फेंक दो उसे कचरे-घर में।

जब प्रकाश आता है, तो अंधेरे में बाधा पड़ती है। अंधेरे से प्रकाश में बाधा नहीं पड़ती। दीया जला, अंधेरे में बाधा पड़ जाती है। लेकिन क्या तुम अंधेरा ला सकते हो बाहर से टोकरियों में भरकर और दीये पर पटक सकते हो, कि दीया बुझ जाए अंधेरे से? तुम अंधेरा कैसे टोकरियों में लाओगे? तुम दीये के पास अंधेरे को न ला सकोगे। कोई उपाय नहीं है।

मेरा मुझ में कुछ नहीं 

ओशो
 

गुरु की खोज वही कर पाता है, जिसके पास कोई उत्तर नहीं है


मैंने सुना है, एक सूफी फकीर के आश्रम में प्रविष्ट होने के लिये चार स्त्रियां पहुंचीं। उनकी बड़ी जिद थी, बड़ा आग्रह था। ऐसे सूफी उन्हें टालता रहा, लेकिन एक सीमा आई कि टालना भी असंभव हो गया। सूफी को दया आने लगी, क्योंकि वे द्वार पर बैठी ही रहीं--भूखी और प्यासी; और उनकी प्रार्थना जारी रही कि उन्हें प्रवेश चाहिए।

उनकी खोज प्रामाणिक मालूम हुई तो सूफी झुका। और उसने उन चारों की परीक्षा ली। उसने पहली स्त्री को बुलाया और उससे पूछा, "एक सवाल है। तुम्हारे जवाब पर निर्भर करेगा कि तुम आश्रम में प्रवेश पा सकोगी या नहीं। इसलिए बहुत सोच कर जवाब देना।'

सवाल सीधा-साफ था। उसने कहा कि एक नाव डूब गई है; उसमें तुम भी थीं और पचास थे। पचास पुरुष और तुम एक निर्जन द्वीप पर लग गये हो। तुम उन पचास पुरुषों से अपनी रक्षा कैसे करोगी? यह समस्या है।

एक स्त्री और पचास पुरुष और निर्जन एकांत! वह स्त्री कुंआरी थी। अभी उसका विवाह भी न हुआ था। अभी उसने पुरुष को जाना भी न था। वह घबड़ा गई। और उसने कहा, कि अगर ऐसा होगा तो मैं किनारे लगूंगी ही नहीं; मैं तैरती रहूंगी। मैं और समुद्र्र में गहरे चली जाऊंगी। मैं मर जाऊंगी, लेकिन इस द्वीप पर कदम न रखूंगी।

फकीर हंसा, उसने उस स्त्री को विदा दे दी और कहा, कि मर जाना समस्या का समाधान नहीं है। नहीं तो आत्मघात सभी समस्याओं का समाधान हो जाता।

यह पहला वर्ग है, जो आत्मघात को समस्या को समाधान मानता है। तुम चकित होओगे, कि तुममें से अधिक लोग इसी वर्ग में हैं। हर बार जीवन में वही समस्याएं हैं, वही उलझने हैं, और हर बार तुम्हारा जो हल है, वह यह है कि किसी तरह जी लेना और मर जाना। फिर तुम पैदा हो जाते हो।
 
इस संसार में मरने से तो कुछ हल होता ही नहीं। फिर तुम पैदा हो जाते हो, फिर वही उलझन, फिर वही रूप, फिर वही झंझट, फिर वही संसार; यह पुनरुक्ति चलती रहती है। यह चाक घूमता रहता है। तुम्हारे मरने से कुछ हल न होगा। तुम्हारे बदलने से हल हो सकता है। मरने से हल नहीं हो सकता। मर कर भी तुम, तुम ही रहोगे। फिर तुम लौट आओगे।

और अगर एक बार आत्मघात समस्या का समाधान मालूम हो गया तो तुम हर बार यही करोगे। तुम्हारे मन में भी अनेक बार किसी समस्या को जूझते समय जब उलझन दिखाई पड़ती है और रास्ता नहीं मिलता, तो मन होता है, मर ही जाओ। आत्महत्या ही कर लो। यह तुम्हारे जन्मों-जन्मों का निचोड़ है। पर इससे कुछ हल नहीं होता। समस्या अपनी जगह खड़ी रहती है।

दूसरी स्त्री बुलाई गई। वह दूसरी स्त्री विवाहित थी, उसका पति था। यही सवाल उससे भी पूछा गया, कि पचास व्यक्ति हैं, तू है; नाव डूब गई है सागर में, पचास व्यक्ति और तू एक निर्जन द्वीप लग गये हैं। तू अपनी रक्षा कैसे करेगी?

उस स्त्री ने कहा, इसमें बड़ी कठिनाई क्या है? उन पचास में जो सबसे शक्तिशाली पुरुष होगा, मैं उससे विवाह कर लूंगी। वह एक, बाकी उनचास से मेरी रक्षा करेगा।

यह उसका बंधा हुआ अनुभव है। लेकिन उसे पता नहीं, कि परिस्थिति बिलकुल भिन्न है। उसके देश में यह होता रहा होगा, कि उसने विवाह कर लिया और एक व्यक्ति ने बाकी से रक्षा की। लेकिन एक व्यक्ति बाकी से रक्षा नहीं कर सकता। एक व्यक्ति कितना ही शक्तिशाली हो, पचास से ज्यादा शक्तिशाली थोड़े ही होगा। रक्षा असल में एक पति थोड़े ही करता है स्त्री की! जो पचास की पत्नियां हैं, वह उन पचास को सीमा के बाहर नहीं जाने देतीं।

इसलिए वह जो उसका अनुभव है, इस नई परिस्थिति में काम न आयेगा। वह एक आदमी मार डाला जायेगा, वह कितना ही शक्तिशाली हो। उसका कोई अर्थ नहीं है। पचास के सामने वह कैसे टिकेगा?

पुराना अनुभव हम नई परिस्थिति में भी खींच लेते हैं। हम पुराने अनुभव के आधार पर ही चलते जाते हैं, बिना यह देखे कि परिस्थिति बदल गई है और यह उत्तर कारगर न होगा।
 
फकीर ने उस स्त्री को विदा कर दिया और उससे कहा, कि तुझे अभी बहुत सीखना पड़ेगा, इसके पहले कि तू स्वीकृत हो सके। तूने एक बात नहीं सीखी है अभी, कि परिस्थिति के बदलने पर समस्या ऊपर से चाहे पुरानी दिखाई पड़े, भीतर से नई हो जाती है। और नया समाधान चाहिये।

महावीर को विदा हुए पच्चीस सौ साल हो गये। पच्चीस सौ सालों में सारी समस्याएं बदल गई, संसार बदल गया, आदमी के होने का ढंग बदल गया, आदमी की चेतना बदल गई। तुम पुराना उत्तर पीटे चले जा रहे हो! तुम यह भूल ही गये हो, कि अब वह समस्या ही नहीं है, जिसके लिये तुम्हारे पास समाधान है। समस्या समाधान में कोई तालमेल नहीं रहा।

वह दूसरी स्त्री विदा कर दी गई। तीसरी स्त्री बुलाई गई, वह एक वेश्या थी। और जब फकीर ने उसे समस्या बताई कि समस्या यह है, कि पचास आदमी हैं, तुम हो, नाव डूब गई, एकांत निर्जन द्वीप होगा, तुम अकेली स्त्री होओगी। समस्या कठिन है; तुम क्या करोगी?

वह वेश्या हंसने लगी। उसने कहा, मेरी समझ में आता है कि नाव है, पचास आदमी हैं, एक स्त्री मैं हूं। फिर नाव डूब गई है, पचास आदमी और मैं किनारे लग गये, निर्जन द्वीप है, समझ में आता; लेकिन समस्या क्या है? वेश्या के लिये समस्या हो ही नहीं सकती! इसमें समस्या कहां है, यह मेरी समझ में नहीं आता। और जब समस्या ही न हो, तो समाधान का सवाल ही नहीं उठता।

बहुत से लोग हैं तीसरे वर्ग में, जो कहते हैं समस्या कहां है? परमात्मा है कहां, जिसको तुम खोज रहे हो? ध्यान होता कहां है, जिसकी तुम तलाश कर रहे हो? प्रार्थना, पूजा बकवास है। मोक्ष, निर्वाण सपने हैं। समस्या है कहां? तुम क्यों व्यर्थ पालथी मार कर बैठे हो? क्यों लगा रखा है यह सिद्धासन? किसके लिए आंख बंद किये बैठे हो? कोई आनेवाला नहीं है। कहां जा रहे हो मंदिर-मस्जिदों में? वहां कोई भी नहीं है। सब पुरोहितों का जाल है। शास्त्रों को पढ़ रहे हो? सब कुशल लोगों की उक्तियां हैं। चालाकों का खेल है। मत पड़ो उलझन में; समस्या कोई है ही नहीं। इसलिए समाधान की चिंता मत करो। किस गुरु के पास जा रहे हो, किसलिए जा रहे हो? प्रश्न ही नहीं है, पूछना क्या है?

तीसरे वर्ग के लोग भी हैं। वे इतने दिन तक समस्या में रह लिए हैं, कि समस्या दिखाई पड़नी ही बंद हो गई। जब तुम बहुत किसी चीज के आदी हो जाते हो, तो तुम्हारी आंखें धुंधली हो जाती हैं। फिर वह तुम्हें दिखाई नहीं पड़ती। अगर तुम्हारे घर के सामने ही कोई वृक्ष लगा हो, तो वह तुम्हें दिखाई पड़ना बंद हो जाता है। तुम उसे रोज देखते हो, वह दिखाई पड़ना बंद हो जाता है।

"समस्या कहां है?' वेश्या ने पूछा।

वेश्या भी विदा कर दी गई। क्योंकि जिसके लिए समस्या ही नहीं है, उसे समाधान की यात्रा पर कैसे भेजा जा सकता है?

चौथी स्त्री के सामने भी वही सवाल फकीर ने रखा। उस स्त्री ने सवाल सुना, आंखें बंद कीं, आंखें खोलीं और कहा, "मुझे कुछ पता नहीं। मैं निपट अज्ञानी हूं।'

वह चौथी स्त्री स्वीकार कर ली गई। ज्ञान के मार्ग पर वही सकता है, जो अज्ञान को स्वीकार ले।

स्वाभाविक है यह बात। क्योंकि अगर तुम्हारे पास उत्तर है ही, तो फिर किसी उत्तर की कोई जरूरत न रही। उत्तर है ही, इसका अर्थ है तुम स्वयं ही अपने गुरु हो; किसी गुरु का कोई सवाल न रहा। गुरु की खोज वही कर पाता है, जिसके पास कोई उत्तर नहीं है।

समस्या है! विराट समस्या है। समाधान का कोई ओर-छोर नहीं मिलता।
 
जीवन एक पहेली है। सुलझाने की कोई कुंजी हाथ नहीं। जितना ही जीवन को देखते हैं, उतनी ही उलझन बढ़ती है, रहस्य बढ़ता है। कल तक जिन बातों को जानते थे कि जानते हैं, वे भी अनजानी हो जाती हैं। उनके भी धागे हाथ से छूट जाते हैं।

जैसे-जैसे समझ बढ़ती है, वैसे-वैसे अज्ञान की स्पष्ट प्रतीति होती है। और जिसको अज्ञान का अहसास होता है, वही केवल गुरु के द्वार पर दस्तक देने में समर्थ है। और जो परम-अज्ञान को अनुभव करता है, वही केवल गुरु के चरणों में झुक पाता है।

मेरा मुझ में कुछ नहीं 

ओशो




Popular Posts