Osho Whatsapp Group

To Join Osho Hindi / English Message Group in Whatsapp, Please message on +917069879449 (Whatsapp) #Osho Or follow this link http...

Tuesday, March 7, 2017

कोई आदमी बुद्ध कैसे हो जाता है? कोई आदमी अंधकार में कैसे खड़ा रह जाता है?



एक बगीचे में मैं गया था। एक ही जमीन थी उस बगीचे की। एक ही आसमान था उस बगीचे के ऊपर। एक ही सूरज की किरणें बरसती थीं। एक सी हवाएं बहती थीं। एक ही माली था। एक सा पानी गिरता था। लेकिन उस बगीचे में फूल सब अलग-अलग खिले हुए थे। मैं बहुत सोच में पड़ गया। हो सकता है कभी किसी बगीचे में जाकर आपको भी यह सोच पैदा हुआ हो।

जमीन एक है, आकाश एक है, सूरज की किरणें एक हैं, हवाएं एक हैं, पानी एक है, माली एक है। लेकिन गुलाब पर गुलाबी फूल हैं, चमेली पर सफेद फूल हैं। सुगंध अलग है। एक ही जमीन और एक ही आकाश से और एक ही सूरज की किरणों से ये अलग-अलग फूल, अलग-अलग रंग, अलग-अलग सुगंध, अलग-अलग ढंग कैसे खींच लेते हैं?


मैं उस माली को पूछने लगा। उसने कहा, सब एक है, लेकिन खींचने वाले बीज अलग-अलग हैं।

छोटा सा बीज लेकिन क्या खींच लेता होगा?

जरा सा बीज, इतने बड़े आकाश और इतनी बड़ी जमीन और इतने बड़े सूरज और इतनी हवाओं को, इन सबको एक तरफ फेंक कर अपनी ही इच्छा का रंग खींच लेता है! इतनी बड़ी दुनिया को एक तरफ हटा कर एक छोटा सा बीज अपनी ही इच्छा की सुगंध खींच लेता है! एक छोटे से बीज का संकल्प इतना बड़ा है, जितना आकाश नहीं, जितनी पृथ्वी नहीं! और एक बीज वही हो जाता है जो होना चाहता है! एक छोटे से बीज के भीतर ऐसा क्या हो सकता है?


हर बीज की अपनी इच्छा है, अपना विल, अपना संकल्प है। वह छोटा सा बीज वही खींचता है जो खींचना चाहता है, और सब पड़ा रहे, वह उसे छूता भी नहीं। गुलाब गुलाब बन जाता है, चमेली चमेली बन जाती है। पास में ही चमेली बन गई है चमेली, पास में ही गुलाब गुलाब बन गया है। एक ही मिट्टी से दोनों ने ताकत खींची है। गुलाब की सुगंध अलग है, चमेली की सुगंध अलग है, रंग-ढंग सब कुछ अलग है।


जिंदगी में अनंत संभावनाएं हैं। लेकिन हम वही बन जाते हैं जो हम उन संभावनाओं में से अपने भीतर खींच लेते हैं। अनंत विचारों का विस्तार है, अनंत विचारों की तरंगें हैं चारों तरफ। लेकिन हम उन्हीं विचारों को अपने पास खींच लेते हैं, जिन विचारों को खींचने की क्षमता, मैगनेट, जिन विचारों को खींचने की रिसेप्टिविटी हमारे भीतर होती है।

इसी दुनिया में एक आदमी बुद्ध हो जाता है। इसी दुनिया में एक आदमी जीसस हो जाता है। इसी दुनिया में एक आदमी कृष्ण हो जाता है। और इसी दुनिया में हम कुछ भी नहीं होते और ना-कुछ होकर मिट जाते हैं और खतम हो जाते हैं। और जिस दुनिया से खींची जाती हैं सारी चीजें, वह बिलकुल एक है--वह आकाश एक, वह जमीन एक, वह चारों तरफ की हवाएं एक, वे सूरज-चांदत्तारे एक--वह सब एक, और हर आदमी अलग-अलग कैसे हो जाता है? और हमारी शक्ल-सूरत भी एक सी मालूम पड़ती है, हमारे शरीर भी एक से मालूम पड़ते हैं, हमारी हड्डी-मांस-मज्जा भी एक सी मालूम पड़ती है। फर्क कहां पड़ जाता है? आदमी के व्यक्तित्व अलग-अलग कहां हो जाते हैं? कोई आदमी बुद्ध कैसे हो जाता है? कोई आदमी अंधकार में कैसे खड़ा रह जाता है? कोई आदमी प्रकाश में कैसे उठ जाता है?


वह जो मैंने कल कहा उस बात को समझ लेना जरूरी है। मैंने कल कहा कि मनुष्य के व्यक्तित्व में सात केंद्र हैं, सात चक्र हैं। और जो केंद्र सक्रिय होता है वह अपने अनुकूल चारों तरफ से सब कुछ खींच लेता है। केंद्र एक रिसेप्टिविटी बन जाता है, एक ग्राहकता बन जाता है। अगर क्रोध का केंद्र सक्रिय है, तो वह आदमी अपने चारों तरफ से क्रोध की सारी लहरों को समाविष्ट कर लेगा। अगर प्रेम का केंद्र सक्रिय है, तो चारों तरफ से प्रेम की धाराएं उस आदमी की तरफ दौड़ने लगेंगी। अगर काम का केंद्र सक्रिय है, तो सारे चारों तरफ से कामवासना उसकी तरफ दौड़ने लगेगी। वह एक खड्ड की तरह बन जाएगा और चारों तरफ की धाराएं, जो उसने मांगा है उसकी तरफ आनी शुरू हो जाएंगी।


तृषा गयी एक बूँद से 

ओशो 

मृत्यु का भय



मैंने सुना है, इजिप्त में एक आश्रम था। और उस आश्रम में आश्रम के नीचे ही मरघट था। जमीन को खोद कर नीचे मरघट बनाया था। हजारों वर्ष पुराना आश्रम था। मीलों तक नीचे जमीन खोद कर उन्होंने कब्रगाह बनाई हुई थी। जब कोई भिक्षु मर जाता, तो पत्थर उखाड? कर, उस नीचे के मरघट में डाल कर चट्टान बंद कर देते थे। 


एक बार एक भिक्षु मरा। लेकिन कुछ भूल हो गई। वह मरा नहीं था, सिर्फ बेहोश हुआ था। उसे मरघट में नीचे डाल दिया। चट्टान बंद हो गई। पांच-छह घंटे बाद उस मौत की दुनिया में उसकी आंखें खुलीं, वह होश में आ गया। उसकी मुसीबत हम सोच सकते हैं! सोच लें कि हम उसकी जगह हैं। वहां लाशें ही लाशें हैं सड़ती हुई, दुर्गंध, हड्डियां, कीड़े-मकोड़े, अंधकार, और उस भिक्षु को पता है कि जब तक अब और कोई ऊपर न मरे, तब तक चट्टान का द्वार न खुलेगा। और उसे यह भी पता है कि अब वह कितना ही चिल्लाए...चिल्लाया, जानते हुए भी चिल्लाया कि आवाज ऊपर तक नहीं पहुंचेगी...क्योंकि आश्रम मील भर दूर है। और मरघट पर तभी आते हैं आश्रम के लोग जब कोई मरता है। और बड़ी चट्टान से द्वार बंद है। फिर भी, जानते हुए...



हम भी बहुत बार जानते हुए चिल्लाते हैं, जानते हुए कि आवाज नहीं पहुंचेगी। मंदिरों में लोग चिल्ला रहे हैं, जानते हुए कि आवाज कहीं भी नहीं पहुंचेगी। हम सब चिल्ला रहे हैं जानते हुए कि आवाज नहीं पहुंचेगी। आदमी जानते हुए भी चिल्लाए चला जाता है, जहां आशा नहीं है वहां भी आशा किए चला जाता है।



वह आदमी बहुत चिल्लाया, चिल्लाया, उसका गला लग गया, आवाज निकलनी बंद हो गई। शायद हम सोचेंगे कि उस आदमी ने आत्महत्या कर ली होगी। लेकिन नहीं, उस आदमी ने आत्महत्या नहीं की। वह आदमी थोड़े-बहुत दिन नहीं, सात साल उस कब्र के भीतर जिंदा रहा। वह कैसे जिंदा रहा? उसने सड़ी हुई लाशों को खाना शुरू कर दिया। उसने कीड़े-मकोड़े, जो लाशों में पलते थे, उनको खाना शुरू कर दिया। मरघट की दीवालों से नालियों का जो पानी चूता था, वह चाट कर पीने लगा। इस प्रतीक्षा में कि कभी न कभी तो कोई मरेगा ही। द्वार तो खुलेगा ही। आज नहीं कल, कल नहीं परसों। कब सूरज उगता, उसे पता न चलता; कब रात आती, उसे पता न चलता।


सात साल बाद कोई मरा, चट्टान उठाई गई, तो वह आदमी बाहर निकला। और वह खाली बाहर नहीं निकला। इजिप्त में रिवाज है कि मरने वाले आदमियों को नये कपड़े पहना दिए जाते और उनके साथ दो-चार कपड़े कीमती रख दिए जाते, कुछ पैसे-रुपये भी रख दिए जाते। तो उसने सब मुर्दों के कपड़े और पैसे इकट्ठे कर लिए थे, जब निकलेगा तो लेता चला जाएगा। तो वह एक बड़ी पोटली बांध कर कपड़े और एक बड़ी थैली में सब रुपये भर कर बाहर आया। उसे तो कोई पहचान ही नहीं सका, मरघट पर जो लोग आए थे वे तो घबड़ा कर भागने लगे कि वह कौन है! उसके बाल जमीन छूने लगे थे, उसकी आंखों की पलकें इतनी बड़ी हो गई थीं कि आंख नहीं खुलती थी। उसने कहा, भागते हो? पहचाने नहीं? मैं वही हूं जिसे तुम सात साल पहले नीचे डाल गए थे। 


उन्होंने कहा, लेकिन तुम जिंदा कैसे रहे? अगर छह घंटे बाद होश में भी आ गए थे तो बचे कैसे? तुमने आत्महत्या न कर ली! सात साल तुम इस मरघट में रहे कैसे?


उस आदमी ने कहा, मरना इतना आसान तो नहीं है! मैं भी सोचता था। मैं भी यही सोचता, अगर कोई और उस मरघट में गिरा होता, तो मैं भी यही सोचता कि पागल, जीने की बजाय मर जाते! लेकिन अब मैं कह सकता हूं: मरना इतना आसान नहीं है। मैंने जीने की पूरी कोशिश की। और जीने के लिए मैंने जो भी किया है वह भी घबड़ाने वाला है। आज अगर फिर से सोचूं तो शायद न कर पाऊं। 


हम भी सोचेंगे कि वह आदमी कैसा आदमी रहा होगा! लेकिन वह आदमी ठीक हमारे जैसा आदमी था। हम भी उसकी जगह होते तो यही करते। और जिसे हम जिंदगी कह रहे हैं, क्या वह जिंदगी उस मरघट से बहुत भिन्न है? और जिसे हम भोजन कह रहे हैं, क्या वह उस मरघट में किए गए भोजन से बहुत भिन्न है? और जिसे हम कपड़े और रुपये का इकट्ठा करना कह रहे हैं, वह भी क्या मुर्दों से छीने गए रुपये और कपड़े नहीं हैं?


बाप बूढ़ा हो गया हो, तो चाहे बच्चे कहें या न कहें, सोचते हैं कि विदा हो जाए। वे मुर्दे के कपड़े और पैसे छीनने के लिए उत्सुक हैं। राष्ट्रपति को शुभकामनाएं भी देते हैं लोग। उपराष्ट्रपति जन्मदिन पर जाकर फूलमालाएं भी चढ़ाते हैं और मन में भगवान से जाने-अनजाने प्रार्थना भी करते हैं: कब तक टिके रहिएगा? क्योंकि वे विदा हों तो उनकी मरी हुई कुर्सी किसी को, कोई उस पर सवार हो जाए।

इसलिए दिल्ली में कोई मरता है, तो जो लोग चेहरे आंसू लिए हुए मरघट की तरफ ले जाते मालूम पड़ते हैं, वे ही तैयारी भी कर रहे होते हैं उसी वक्त कि कौन उसकी मरी हुई कुर्सी पर बैठ जाए। कहीं ऐसा न हो कि दूसरा बैठ जाए। बल्कि मरघट पर ले जाते वक्त भी इस बात की होड़ रहती है कि मुर्दे को सबसे पहले कौन हाथ दे रहा है, क्योंकि उसका कुर्सी पर कब्जा हो सकता है। मैंने सुना है कि गांधी मरे तो जिस टैंक पर चढ़ा कर उनको ले जाया गया था उस पर भी खड़े होने की प्रतियोगिता थी कि कौन-कौन नेता उस पर खड़े हो जाएं। क्योंकि दुनिया उनको देख ले कि वसीयतदार कौन है!

यह जिसको हम जिंदगी कहते हैं, यह भी एक बड़ा मरघट है, जिसमें क्यू है मरने वालों का। कोई अभी मरेगा, कोई थोड़ी देर बाद, कोई फिर थोड़ी देर बाद, कोई कल, कोई परसों, लेकिन सब मरेंगे। और इसमें जो मकान हैं हमारे पास, वे मुर्दों से छीने गए हैं, और जो कपड़े हैं वे भी, और जो धन है वह भी। और यहां भी हम जी रहे हैं बिना किसी आनंद को जाने, बिना किसी शांति को पाए, लेकिन सिर्फ एक आशा में कि शायद कल शांति मिले, कल आनंद मिले, कल कुछ मिल जाए। तो कल तक तो जीने की कोशिश करो। किसी भी भांति कल तक जी लो। कल शायद कुछ मिल जाए।

लेकिन मैं आपसे यह कहना चाहता हूं कि जो मरने के लिए तैयार नहीं है, उसे कभी कुछ न मिल सकेगा। और हम बहुत बार मरे हैं। लेकिन हम मरने से इतने भयभीत हैं कि मरने के बहुत पहले बेहोश हो जाते हैं। इसलिए हमें मृत्यु की कोई याद नहीं रह जाती। हम बहुत बार मरे हैं और बहुत बार जन्मे हैं, लेकिन हर बार मरने और जन्मने की क्रिया इतनी ज्यादा हमें डरा देती है कि हम बेहोशी में ही पैदा होते हैं और बेहोशी में ही मरते हैं। इसलिए उसकी मेमोरी, उसकी स्मृति नहीं बन पाती और गैप पड़ जाता है। इसलिए पिछले जन्म की भी स्मृति हमें नहीं रह जाती। पिछले जन्म की स्मृति न रह जाने का और कोई कारण नहीं है, पिछले जन्म की स्मृति न रह जाने का एक ही कारण है कि बीच में आई मृत्यु, और मृत्यु में हम इतने भयभीत हो गए कि बेहोश हो गए। और उस बेहोशी का जो अंतराल है, उसने स्मृति को दो हिस्सों में तोड़ दिया। पिछली स्मृति अलग टूट गई, यह स्मृति अलग टूट गई। इतना बड़ा बीच में गैप, अंतराल पड़ गया कि दोनों को जोड़ना मुश्किल है।

समाधि के द्वार पर 


ओशो 

मृत्यु का पहला अनुभव



छोटा था, तो जिनके पास मैं बड़ा हुआ, दुर्भाग्य से या सौभाग्य से वे बहुत जल्दी दुनिया से विदा हो गए। मैं सात ही वर्ष का था तब उनकी मृत्यु आ गई। और मैंने उन्हें धीरे-धीरे मरते देखा। वे एकदम से नहीं मरे; पहले उनकी वाणी खो गई, फिर उनकी आंखें बंद हो गईं, फिर वे बेहोश हो गए और चौबीस घंटे बेहोश रहे। और फिर उसी बेहोशी में धीरे-धीरे, जैसे कोई दीये का तेल चुकता जाए, चुकता जाए और धीमी लौ होती जाए, ऐसे धीरे-धीरे वे डूबे और खो गए। उनको ही मैंने चाहा और प्रेम किया था। उनके पास ही बड़ा हुआ था। उस क्षण तो ऐसा ही लगा था--बड़ा दुर्भाग्यपूर्ण हुआ।

लेकिन पता नहीं, दुर्भाग्य बहुत बार सौभाग्य भी बन जाते हैं। मेरे लिए मृत्यु की वह पहली घटना थी। और जिसे मैंने चाहा था, उसके विदा हो जाने की भी पहली घटना थी। सारा घर तो रोने लगा, दुखी और पीड़ित होने लगा। पर मुझे निरंतर एक ही बात मन में लगने लगी कि अगर वे नहीं रहे हैं तो अब मेरे रहने की भी क्या जरूरत है? और जिसे मैंने प्रेम किया वही नहीं है, तो अब मैं भी न रहूं। मुझे रोना भी न सूझा। अब आज मुझे समझ में आता है कि रोकर हम दुख प्रकट तो करते हैं, शायद दुख को बहाने की कोशिश करते हैं। अब मैं समझ पाता हूं कि रो-धो कर, चीख-चिल्ला कर, वह जो पीड़ा हम पर उतरी है, उससे हम छुटकारा पा लेते हैं, उसकी रिलीज हो जाती है, वह निकल जाती है।

मैं नहीं रो सका, क्योंकि मुझे लगा कि अगर कोई जिसे मैंने चाहा है, समाप्त हो गया है, तो अब मैं भी समाप्त हो जाऊं, अब मुझे भी जीने की कोई जरूरत नहीं है। उन्हें लोग मरघट ले गए, मुझे लोग घर में बंद कर गए छोटा बच्चा सोच कर--कि मैं मरघट जाऊं, पता नहीं मरघट को देखूं, कैसा मन पर आघात लगे; फिर उन्हें मैं प्रेम करता था, उन्हें जलते देखूं। लेकिन जब घर के लोग चले गए तो मैं भी चुपचाप पीछे के रास्ते से मरघट पहुंच गया। मुझे कुछ पक्का पता न था वहां क्या होने को है। डर था कि घर के लोग नाराज होंगे, छिप कर, वृक्ष पर बैठ कर ही मैंने उन्हें जलते देखा। लौट आया। उस रात मैं एक ही प्रार्थना लेकर सो गया कि मैं भी मर जाऊं! भगवान, ऐसा कर कि मैं भी मर जाऊं! जब तक मुझे रात नींद नहीं लगी, एक ही बात मेरे मन में गूंजती रही कि मैं भी मर जाऊं, मुझे भी समाप्त हो जाना है। कब मुझे नींद लग गई, पता नहीं है, लेकिन नींद में भी मेरे मन में यही स्वर दौड़ता रहा, दौड़ता रहा कि मैं मर जाऊं, मैं मर जाऊं, मैं मर जाऊं।

कोई रात के दो या तीन बजे अचानक मेरी नींद टूटी और मुझे लगा कि वह जिसे मैं कह रहा था कि मर जाऊं, मर गया है। सब मर गया है। हाथ हिला नहीं सकता हूं, आंख खोल नहीं सकता हूं, श्वास का कोई पता नहीं मालूम पड़ता है, शरीर है भी या नहीं, उसका भी कुछ पता नहीं पड़ता है। सब मर गया है। लेकिन एक और आश्चर्य कि सब मर गया है, फिर भी मैं हूं--चूंकि मुझे पता चल रहा है कि सब मर गया है। दोनों बातें एक साथ--सब मर गया है और फिर भी मैं हूं। यह भी पता चल रहा है कि मैं हूं। क्योंकि अगर मैं नहीं हूं तो किसे मालूम हो रहा है कि सब मर गया है?

छोटी ही उम्र थी, लेकिन उसी दिन से मृत्यु मेरे लिए समाप्त हो गई। उस दिन के बाद बहुत प्रियजन मरे, लेकिन फिर मेरे लिए कोई नहीं मरा। दूसरे दिन सुबह मैं जितनी शांति और आनंद से भरा था, वैसी शांति उस दिन तक मैंने कभी न जानी थी, वैसा आनंद भी न जाना था। एक अनुभव से होकर गुजरा था। अब लौट कर कह सकता हूं--उस दिन तो पता नहीं था, लेकिन अब लौट कर कह सकता हूं--समाधि के द्वार पर वह पहला, पहला झांकना था।


समाधि के द्वार पर जिसे झांकना है उसे जीते जी मरने की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। लेकिन हम सब तो मरने से बहुत डरे हुए लोग हैं। हम तो जीवन भर इस कोशिश में रहते हैं कि कहीं मर न जाएं। हमारा सारा प्रयास एक ही बात के लिए है कि मर न जाएं। हमारे दर्शन, हमारे धर्म, हमारी फिलासफीज, हमारे गुरु एक ही बात के लिए इंतजाम दे रहे हैं कि घबड़ाओ मत, घबड़ाओ मत। और अगर हम आत्मा की अमरता की बात भी मानते हैं, तो इसलिए नहीं कि हमें पता है कि आत्मा अमर है,  बल्कि इसलिए कि इससे मरने का भय कम होता है। 



समाधि के द्वार पर 

ओशो 

संत चले दिस ब्रह्म की, तजि जग व्यवहारा।



संत वही है जो ब्रह्म की दिशा में चल पड़ा जगत् के व्यवहार को छोड़कर। वचन सीधा-साफ है, अर्थ गहरा है। और अकसर ऐसा होता है, सीधे-साफ वचन, जो एकदम सुनते ही समझ में आ जाते हैं, इतना गहरा अर्थ लिए रहते हैं उसका हमें स्मरण ही नहीं होता। कठिन वचन को तो हम सोचते-विचारते हैं; कठिन है, इसलिए। सरल को तो हम सोचते हैं समझ ही लिया। अब यह इतना सरल वचन है; इसमें डुबकी लगाओगे तो प्रशांत महासागर की गहराई तुम पाओगे--संत चले दिस ब्रह्म की!


ब्रह्म की दिशा क्या है? दस दिशाएं हैं आकाश की। इन दस में से कोई भी ब्रह्म की दिशा नहीं। पूरब जाओ, पश्चिम जाओ, काशी या काबा--ब्रह्म की दिशा नहीं है। उत्तर जाओ दक्षिण जाओ, कैलाश कि रामेश्वरम्-- काबा--ब्रह्म की दिशा नहीं है। ऊपर जाओ कि नीचे--काबा--ब्रह्म की दिशा नहीं है। काबा--ब्रह्म की दिशा ग्यारहवीं दिशा है। और ग्यारहवीं दिशा का कोई उल्लेख भूगोल में नहीं है। भूगोल का ग्यारहवीं दिशा अंग नहीं है। ग्यारहवीं दिशा हैः भीतर जाओ, अपने में जाओ। आकाश दस दिशाओं से बना है, तुम ग्यारहवीं दिशा हो!


मोजेज के प्रसिद्ध नियम हैं:  दस आज्ञाएं। जैसे एक-एक दिशा को एक-एक आज्ञा पूरा करती है।
जीसस ने अपने शिष्यों को कहाः मैं तुम्हें ग्यारहवीं आज्ञा देता हूं! वही ग्यारहवीं आज्ञा ग्यारहवीं दिशा में ले जानेवाली है। वह आज्ञा भी बड़ी अनूठी है। शिष्यों ने पूछा कि ग्यारहवीं आज्ञा?हमने तो सुना है कि दस आज्ञाओं में सारा धर्म आ गया। लेकिन जीसस ने कहा ः जब तक तुम ग्यारहवीं आज्ञा पूरी न करो, दस तो पूरी होंगी ही नहीं। जिसने दस पूरी कीं और ग्यारहवीं छोड़ दी, उसका कुछ भी पूरा नहीं होगा। और जिसने ग्यारहवीं पूरी कर ली, उसकी दस अपने-आप पूरी हो जाती हैं। कौन-सी है ग्यारहवीं आज्ञा? तब जीसस ने कहाः प्रेम है ग्यारहवीं आज्ञा! अंतिम रात्रि भी विदा होते समय भी उन्होंने यही कहा, कि मैं जाता हूं, लेकिन मैंने तुम्हें जो कहा है उसे भूल मत जाना।
एक शिष्य ने पूछाः आपने बहुत बातें कही हैं, कौन-सी बात को आप याद दिलाना चाहते हैं?

जीसस ने कहा ः वही ग्यारहवीं आज्ञा। मैंने तुम्हें जिस तरह प्रेम किया, उसी तरह तुम प्रेम करना! ठीक . . ."प्रेम करना' उचित नहीं है कहना--प्रेम हो जाना!

 जो भीतर जाता है, वह प्रेम हो जाता है। जो भीतर जाता है वह प्रार्थना हो जाता है। प्रार्थना प्रेम का ही निचोड़ है। जैसे हजारों फूल से इत्र निचोड़ते हैं, ऐसे हजारों प्रेम के अनुभव से प्रार्थना का इत्र निचुड़ता है। और जिसने प्रेम ही नहीं किया, वह प्रार्थना तो क्या खाक करेगा? और अकसर ऐसा होता है, जो लोग प्रेम करने में असमर्थ हैं, मंदिर चले जाते हैं। और कहते हैं हम प्रार्थना करेंगे। प्रेम अभी किया नहीं, अभी प्रेम का क ख ग भी नहीं सीखा, प्रार्थना करने चल पड़े! जिन्हें जमीन पर चलना नहीं आता, वे आकाश में उड़ने का विचार करने लगे। गिरेंगे , बुरी तरह गिरेंगे! हड्डी-पसलियां तोड़ लेंगे। पहले जमीन पर चलना तो सीखो!


इस पृथ्वी को प्रेम करो! जिस दिन इस पृथ्वी के प्रति प्रेम तुम्हारा बेशर्त हो जाएगा, उस दिन तुम पाओगे तुम्हें पंख लग गए, अब तुम आकाश में उड़ने में असमर्थ हो गए। पृथ्वी उनको ही पंख देती है भेंट, जो अपना सारा प्रेम पृथ्वी पर निछावर कर देते हैं। और उन पंखों का नाम प्रार्थना है। यह पृथ्वी उस परमात्मा की है। इस पृथ्वी को भर दो अपने प्रेम से--और तुम पाओगेः वही प्रेम तुम्हें उठाने लगा आकाश में! चले तुम अनंत की यात्रा पर!

ज्योति से ज्योति जले 

ओशो 

Popular Posts