Osho Whatsapp Group

To Join Osho Hindi / English Message Group in Whatsapp, Please message on +917069879449 (Whatsapp) #Osho Or follow this link http...

Friday, March 10, 2017

अवधूत की परमदशा

एक जन्म मिलता है मां से, फिर उस जन्म के साथ आई हुई निर्दोंषता कोमलता, पवित्रता सब खो जाती है: समाज की भीड़ में, ऊहापोह में, संसार के जंजाल में। बेईमानी सीखनी पड़ती है, धोखा-घड़ी सीखनी पड़ती है, अविश्वास सीखना पड़ता है। तो जिस श्रद्धा को लेकर मनुष्य पैदा होता है, वह धूमिल हो जाती है। फिर उस धूमिल दर्पण में परमात्मा की छबि नहीं बनती। और हजार-हजार विचारों की तरंगें--छबि बिखर-बिखर जाती है। जैसे कभी तरंगें उठी झील में चांद का प्रतिबिंब बनता है; तो बन नहीं पाता; लहरों में टूट जाता है; बिखर जाता है। पूरी झील पर चांदी फैल जाती है। लेकिन चांद कहां है, कैसा है यह पता लगाना मुश्किल हो जाता है।


झील चाहिए शांत, झील चाहिए निर्मल, तो चांद का मुखड़ा दिखाई पड़ता है। ऐसा ही जब चित्त की झील निर्मल होती है, तो परमात्मा का रूप दिखाई पड़ता है।


परमात्मा को जाने के लिए शास्त्र की जानकारी नहीं। शब्द से मुक्ति चाहिए। और परमात्मा को जानने के लिए बहुत गणित और तर्क नहीं--निर्दोष मन चाहिए; फिर से एक जन्म चाहिए।


सारा योग, सारी भक्ति, सारे ध्यान इतना ही करते हैं कि जो गंदगी और जो कचरा समाज तुम पर जमा देते हैं, उसे हटा देते हैं। उनका प्रयोग नकारात्मक है।


योग या भक्ति तुम्हें कुछ देते नहीं, समाज ने जो दे दिया है, उसे छीन लेते हैं। तुम फिर वैसे के वैसे हो जाते हो, जैसा तुम्हें होना था।


तो निश्चित ही अवधूत की परमदशा में न तो कुछ पुण्य बचता है, न कोई पाप बचा है। अवधूत की परमदशा में तो फिर से बालपन लौटा। और यह बालपन गहरा है--पहले बालपन से ज्यादा गहरा है। क्योंकि पहला बालपन अगर बहुत गहरा होता, तो नष्ट न हो सकता था। नष्ट हो गया। संसार के झंझावात ने झेल सका। कच्चा था; अप्रौढ़ था। सरल तो था, लेकिन बुनियाद बहुत मजबूत न थी उस सरलता की। जरा से हवा के झोंके आये और झील कंप गई। जरा मुसीबतें आई और चित्त उद्विग्न हो गया। वृक्ष तो था, लेकिन जड़ें नहीं थी बहुत गहरी, तो जरा-जरा से हवा के झोंके उसे उखाड़ गये।


दूसरा जो बचपन है, वह ज्यादा गहरा होगा, क्योंकि स्वयं उपलब्ध किया हुआ होगा; जागरूक होगा। दूसरा जो बचपन है, उसी को हमने इस देश में द्विज कहा है--दूसरा जन्म।


दुनिया में दो तरह के लोग हैं, और यह बंटवारा बहुत महत्वपूर्ण है। एक तो वे, जो एक ही बार जन्मते हैं; उनको ही पारिभाषिक अर्थों में शूद्र कहा जाता है--जो एक ही बार जन्में हैं; जिन्होंने पहले बचपन को ही सब मान लिया और समाप्त हो गये और जिन्होंने दुबारा जन्म लेने की कोई चेष्टा न की।

जो दुबारा जन्म लेता है – द्विज --टवाइस--वही ब्राह्मण है; वही ब्रह्म को पाने का हकदार है।


कन थोड़े कांकर घने (संत मलूकदास)

ओशो 

Tuesday, March 7, 2017

साक्षी भाव



जीवन में ऐसे जीना, जैसे एक दर्शक। जैसे जीवन के बड़े पद पर एक कहानी चल रही है और हम देख रहे हैं। एक दिन भर के लिए प्रयोग करके देखना और जिंदगी दूसरी हो जायेगी। एक दिन तय कर लें कि सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक इस तरह जीयेंगे, जैसे एक दर्शक। और जिंदगी को ऐसा देखेंगे, जैसे कहानी एक पद पर चलती हो। और पहले ही दिन जिंदगी में कुछ नया होना शुरू हो जायेगा।


आज ही करके देखें, एक छोटा-सा प्रयोग करके देखें कि जिंदगी को ऐसे देखेंगे, जैसे एक दर्शक। एक बड़े पद पर कहानी चलती हो और हम हों सिर्फ दर्शक। सिर्फ एक दिन के लिए प्रयोग करके देखें। और उस प्रयोग के बाद आप दुबारा वही आदमी कभी नहीं हो सकेंगे, जो आप थे। उस प्रयोग के बाद आप आदमी ही दूसरे हो जायेंगे।


साक्षी होने का छोटा-सा प्रयोग करके देखें। देखें आज घर जाकर और जब पत्नी गाली देने लगे या पति गर्दन दबाने लगे, तब इस तरह देखें, जैसे कोई साक्षी देख रहा है। और जब रास्ते पर चलते हुए लोग दिखाई पड़े, दुकानें चलती हुई दिखाई पड़ें, दफ्तर की दुनिया हो; तब खयाल रखें, जैसे किसी नाटक में प्रवेश कर गये हों और चारों तरफ एक नाटक चल रहा हो। एक दिन भर इसका स्मरण रखकर देखें और आप कल दूसरे आदमी हो जायेंगे।


दिन तो बहुत बड़ा है, एक घंटे भी कोई आदमी साक्षी होने का प्रयोग करके देखे, उसकी जिंदगी में एक मोड़ आ जायेगा, एक टघनग आ जायेगी। वह आदमी फिर वही कभी नहीं हो सकेगा, जो एक घंटे पहले था। क्योंकि एक घंटे में जो उसे दिखाई पड़ेगा, वह हैरान कर देने वाला हो जायेगा। और उस एक घंटे में उसके भीतर, जो परिवर्तन होगा, जो ट्रांसफार्मेशन होगा, उससे कीमिया ही बदल जायेगी। वह उसके भीतर चेतना के नये बिंदुओं को जन्म दे देगी। एक घंटे के लिए ऐसे देखें।


अगर पत्नी गालियां दे रही हो, अगर मालिक गालियां दे रहा हो, तो ऐसे देखें, जैसे आप सिर्फ एक नाटक देख रहे हों। फिर देखें कि क्या होता है? सिवाय हंसने के और कुछ भी नहीं होगा। भीतर एक हंसी फैल जायेगी और चित्त एकदम हल्का हो जायेगा।


कल यही गाली बहुत भारी पड़ गयी होती, छाती पर पत्थर बनकर बैठ गयी होती। इस गाली ने भीतर जहर पैदा कर दिया होता। इस गाली ने भीतर प्राणों को मथ डाला होता। इस गाली ने भीतर जाकर जीवन में एक संकट, एक अशांति पैदा कर दी होती। जिंदगी एक प्रतिक्रिया बन जाती, एक रिएक्शन बन जाती। जिंदगी एक तूफान और एक आंधी हो जाती।


वही गाली आज आयेगी और इधर भीतर अगर साक्षी है तो गाली ऐसे ही बुझ जायेगी, जैसे अंगारा पानी में पड़कर बुझ जाये, राख हो जाये। और आप देखते रह जायेंगे। और तब हैरानी होगी कि यही गाली कल पीड़ित करती थी, और आज क्या हो गया है? यही बात कल बहुत कष्ट देती थी और आज, आज क्या हो गया! आज आप बदल गये है।


दुनिया वही है, दुनिया हमेशा वही है, सिर्फ आदमी बदल जाते हैं। और जब आदमी बदल जाता है तो दुनिया बदल जाती है।


नेति नेति (सत्य की खोज)

ओशो

जिस दिन जीवन सपना मालूम पड़ता है, उसी दिन चित्त शांत हो जाता है।



जब तक जीवन सत्य मालूम पड़ेगा, तब तक चित्त शांत नहीं हो सकता, तब तक छोटी-छोटी चीज का बहुत मूल्य है हमें। हम तो सपने को सत्य मानकर परेशान हो जाते हैं! रात में एक आदमी सपने में भूत देख लेता है तो नींद खुल जाती है और छाती धड़कती रहती है। आंख खुल गयी है, नींद खुल गयी है, लेकिन वह सपना इतना सच मालूम पड़ता है कि अभी भी प्राण धम-धम घबरा रहे हैं।


हम तो नाटक को भी सच मान लेते हैं। सिनेमागृह में जाकर न मालूम कितने लोग आंसू पोंछ लेते हैं रूमालों से। वहां परदे पर कुछ भी नहीं चल रहा है सिवाय बिजली की धारा के, सिवाय नाचती हुई विद्युत के। वहां कुछ भी नहीं है परदे पर। और मालूम है भली-भांति कि कोरा परदा है पीछे। उस कोरे परदे पर विद्युत की किरणें दौड़ रही हैं और चित्र बन रहे हैं। कोई रो रहा है, कोई हंस रहा है, कोई घबरा रहा है! हम तो नाटक को भी सच मान लेते हैं!


और सत्य की खोज का पहला सूत्र है कि जिसे हम सच कहते हैं, उसे भी नाटक जानना, तो आदमी सत्य को उपलब्ध हो सकता है।


बंगाल के एक बहुत बड़े विचारक थे ईश्वरचंद्र विद्यासागर। एक नाटक को देखने गये। नाटक में एक अभिनेता है, जो एक स्त्री के पीछे बुरी तरह से पड़ा हुआ है। वह स्त्री को सब तरह से परेशान कर रहा है। आखिर एक एकांत रात्रि में उसने स्त्री के घर में कूदकर स्त्री को पकड़ लिया।


विद्यासागर के बर्दाश्त के बाहर हो गया। वह भूल गये कि यह नाटक है। जूता निकालकर मंच पर कूद पड़े और उस आदमी को लगे जूते मारने! सारे देखने वाले दंग रह गये कि यह क्या हो रहा है?


लेकिन उस अभिनेता ने क्या किया? उसने विद्यासागर का जूता अपने हाथ में ले लिया, जूते को नमस्कार किया और जनता से कहा, इतना बड़ा पुरस्कार मेरे जीवन में मुझे कभी नहीं मिला। मेरे अभिनय को कोई सत्य समझ लेगा, वह भी विद्यासागर जैसा बुद्धिमान आदमी; मैंने कभी नहीं सोचा था! मेरा अभिनय सत्य हो सकता है--मैं धन्य हो गया, इस जूते को मैं संभालकर रखूंगा! मुझे बहुत इनाम मिले हैं, लेकिन इतना बड़ा इनाम मुझे कभी नहीं मिला।


विद्यासागर तो बहुत झेंपे और जाकर अपनी जगह बैठ गये। बाद में लोगों से कहा कि बड़ी हैरानी की बात है। वह नाटक मुझे सच मालूम पड़ गया, मैं भूल ही गया कि जो देख रहा हूं, वह केवल नाटक है।
अगर नाटक भी सच मालूम पड़े तो आदमी अशांत हो जाता है और अगर जीवन नाटक मालूम पड़ने लगे तो आदमी शांत हो जाता है।


सपने में अशांत होने का कारण क्या है? तब अगर गरीबी आती है तो सपना है और अमीरी आती है तो सपना है। तब बीमारी आती है तो सपना है और स्वास्थ्य आता है तो सपना है। तब सम्मान मिलता है तो सपना है, अपमान मिलता है तो सपना है। तब अशांत, पीड़ित, परेशान और टेंस होने का कारण क्या है?


सारा तनाव इसलिए पैदा होता है कि जीवन हमें बहुत सच्चा मालूम पड़ता है, बहुत यथार्थ मालूम पड़ता है। और जितनी यह बात स्पष्ट होने लगे, उतना ही भीतर चित्त शांत होना शुरू हो जाता है। सत्य अशांत होने के कारण ही विलीन हो जाता है।

नेति नेति (सत्य की खोज)

ओशो 


जिंदगी का मूल्य



च्वांगत्सु चीन में हुआ, एक फकीर था। लोगों ने उसे हंसते ही देखा था, कभी उदास नहीं देखा था। एक दिन सुबह उठा और उदास बैठ गया झोपड़े के बाहर! उसके मित्र आये, उसके प्रियजन आये और पूछने लगे, आपको कभी उदास नहीं देखा। चाहे आकाश में कितनी ही घनघोर अंधेरी छायी हो और चाहे जीवन पर कितने ही दुखदायी बादल छाये हों, आपके होठों पर सदा मुस्कुराहट देखी है। आज आप उदास क्यों हैं? चिंतित क्यों हैं?


च्वांगत्सु कहने लगा, आज सचमुच एक ऐसी उलझन में पड़ गया हूं, जिसका कोई हल मुझे नहीं सूझता। 


लोगों ने कहा, हम तो अपनी सब समस्याएं लेकर आपके पास आते हैं और सभी समस्याओं के समाधान हो जाते हैं। आपको भी कोई समस्या आ गयी! क्या है यह समस्या?


च्वांगत्सु ने कहा, बताऊंगा जरूर, लेकिन तुम भी हल न कर सकोगे। और मैं सोचता हूं कि शायद अब इस पूरे जीवन, वह हल नहीं हो सकेगी!


रात मैंने एक सपना देखा। उस सपने में मैंने देखा कि मैं एक बगीचे में तितली हो गया हूं और फूलों-फूलों पर उड़ता फिर रहा हूं।


लोगों ने कहा, इसमें ऐसी कौन सी बड़ी समस्या है? आदमी सपने में कुछ भी हो सकता है।


च्वांगत्सु ने कहा, मामला यही होता तो ठीक था। लेकिन जब मैं जागा तो मेरे मन में एक प्रश्न पैदा हो गया कि अगर च्वांगत्सु नाम का आदमी सपने में तितली हो सकता है तो कहीं ऐसा तो नहीं है कि तितली सो गयी हो और सपना देखती हो कि च्वांगत्सु हो गयी! मैं सुबह से परेशान हूं। अगर आदमी सपने में तितली हो सकता है तो तितली भी सपने में आदमी हो सकती है। और अब मैं तय नहीं कर पा रहा हूं कि मैं तितली हूं, जो सपना देख रही है आदमी होने का या कि मैं आदमी हूं, जिसने सपना देखा तितली होने का! और अब यह कौन तय करेगा? मैं बहुत मुश्किल में पड़ गया हूं।


शायद यह कभी तय नहीं हो सकेगा। च्वांगत्सु ठीक कहता है, जो हम बाहर देखते हैं, वह भी क्या एक खुली आंख का स्वप्न नहीं है? क्योंकि आंख बंद होते ही वह मिट जाता है और खो जाता है और विलीन हो जाता है। आंख बंद होते ही हम किसी दूसरी दुनिया में हो जाते हैं। और आंख खोलकर भी जो हम देखते हैं, उसका मूल्य सपने से ज्यादा मालूम नहीं होता।
आपने जिंदगी जी ली है--किसी ने पंद्रह वर्ष, किसी ने चालीस वर्ष, किसी ने पचास वर्ष। अगर आप लौटकर पीछे की तरफ देखें कि उन पचास वर्षों में जो भी हुआ था, वह सच में हुआ था या एक स्वप्न में हुआ था? तो क्या फर्क मालूम पड़ेगा? पीछे लौटकर देखने पर क्या फर्क मालूम पड़ेगा? जो भी था-- जो सम्मान मिला था, जो अपमान मिला था-- वह एक सपने में मिला था या सत्य में मिला था?
मरते क्षण आदमी को क्या फर्क मालूम पड़ता है? जो जिंदगी उसने जी थी, वह एक कहानी थी या जो उसने सपने में देखी थी, सच में ही वह जिंदगी में घटी थी।

इस जमीन पर कितने लोग रह चुके हैं हमसे पहले! हम जहां बैठे हैं, उसके कण-कण में न-मालूम कितने लोगों की मिट्टी समायी है, न मालूम कितने लोगों की राख है। पूरी जमीन एक बड़ा श्मशान है, जिसमें न जाने कितने अरबों-अरबों लोग रहे हैं और मिट चुके हैं। आज उनके होने और न होने से क्या फर्क पड़ता है? वे जब रहे होंगे, तब उन्हें जिंदगी मालूम पड़ी होगी कि बहुत सच्ची है। अब न जिंदगी रही उनकी, न वे रहे आज, सब मिट्टी में खो गये हैं।


आज हम जिंदा बैठे हैं, कल हम भी खो जायेंगे। आज से हजार वर्ष बाद हमारी राख पर लोगों के पैर चलेंगे। तो जो जिंदगी आखिर में राख हो जाती हो, उस जिंदगी के सच होने का कितना अर्थ है? जो जिंदगी अंततः खो जाती हो, उस जिंदगी का कितना मूल्य है?

नेति नेति (सत्य की खोज)

ओशो 


Popular Posts