Osho Whatsapp Group

To Join Osho Hindi / English Message Group in Whatsapp, Please message on +917069879449 (Whatsapp) #Osho Or follow this link http...

Sunday, March 19, 2017

स्टाप एक्सरसाइज

गुरजिएफ था यूनान में एक अदभुत आदमी, कुछ वर्षों पहले उसकी मृत्यु हुई। वह एक छोटा सा प्रयोग अपने साधकों को कराता था। उस प्रयोग का नाम था: स्टाप एक्सरसाइज। एक छोटा सा प्रयोग वह अपने साधकों से कहता था: रुक जाओ।


हम यहां बैठे हैं। गुरजिएफ अगर अपना प्रयोग कराता तो वह यह कहता था कि जब मैं कहूं--स्टाप! रुक जाओ! तो जो जहां है, जैसा है, वैसा ही रुक जाए। अगर बोलने के लिए मुंह खोला है, तो फिर बंद मत करना, मुंह खुला ही रह जाए। अगर चलने के लिए पैर उठाया तो फिर हिलाना मत, पैर वहीं रह जाए, चाहे गिरो, चाहे मरो।

क्यों? यह क्या पागलपन की एक्सरसाइज है! इससे क्या मतलब है? लेकिन जिन लोगों ने उसके साथ यह प्रयोग किया वे दूसरे आदमी हो गए। और उन्होंने कहा, हम हैरान हो गए, इतना छोटा सा प्रयोग कितनी क्रांति करवा सकता है!

क्योंकि बहुत बल चाहिए इस बात में। आप अपने को धोखा देने की कोशिश करेंगे--कि कोई देख तो रहा नहीं, पैर इतना ऊंचा बहुत तकलीफ दे रहा है, थोड़ा नीचे करके रख लो। और अगर नीचे करके रख लिया तो किसी और का नुकसान नहीं किया, वह जो चक्र आपके भीतर जिसको विकसित करने के लिए वह एक्सरसाइज थी, वह बेमानी चला गया। लेकिन अगर आपने हिम्मत की और आप खड़े रह गए, वैसे ही जैसे आप थे--आंख खुली थी तो आंख खुली रह गई, अब पलक झपेगी नहीं; हाथ ऊपर उठा था तो ऊपर रह गया; मुंह खुला था तो मुंह खुला रह गया; एक पैर ऊपर उठा था, एक पैर ऊपर उठा रह गया; कमर झुकी थी तो झुकी रह गई; बहुत तकलीफ होगी, लेकिन अब हिलना भी नहीं है। और इस प्रक्रिया में जो खड़ा रह जाएगा, वह अपने को आज्ञा दे रहा है, वह अपने संकल्प को बल दे रहा है।

एक बार वह तिफलिस में ठहरा हुआ था गुरजिएफ, रूस के एक छोटे गांव में, अपने तीस मित्रों को लेकर। उनको साधना के लिए ले गया था। और उसने कहा था कि तीस दिन निरंतर स्टाप एक्सरसाइज के सिवाय कुछ भी नहीं करना है। जब भी मैं कहूं--स्टाप! तब तुम रुक जाना, जो जहां हो। कोई स्नान करता हो तो वहीं ठहर जाएगा, कोई भोजन करता हो तो वहीं ठहर जाएगा। जो जो कर रहा हो, बस वैसे ही ठहर जाना, जैसे मूर्ति हो गए।

पास ही, उस तंबुओं के पास जहां वे ठहरे थे, एक नहर बहती थी। नहर सूखी थी, कभी-कभी उसमें पानी छोड़ा जाता था। सुबह का वक्त था, सारे तीस लोग आस-पास घूमने निकले हुए थे। तीन आदमी उस नहर को पार कर रहे थे। सूखी नहर थी, पानी नहीं था। अचानक गुरजिएफ ने अंदर से चिल्लाया--स्टाप! तो सारे लोग रुक गए, वे तीन लोग भी रुक गए।


किसी ने पानी छोड़ दिया नहर का, पानी जोर से भागा हुआ आया। गुरजिएफ तंबू के भीतर बंद है। उन तीन आदमियों की कमर तक पानी भर गया, गले तक पानी भर गया। जब गले के ऊपर पानी बढ़ने लगा, तो एक आदमी छलांग लगा कर बाहर निकल गया। उसने कहा, उसे पता नहीं है, वे तो तंबू के भीतर बैठे हुए हैं, और हमारी यहां जान जाने के करीब आ गई। वह बाहर निकल गया।


उसे पता नहीं कि उसने एक मौका चूक गया। एक मौका, जब कि पूरा शरीर कह रहा था कि हट जाओ बाहर, तब सिर्फ संकल्प कह सकता था कि नहीं हटते हैं! जान दांव पर लगाते हैं, लेकिन बदलेंगे नहीं। तो वह जो चक्र सोया हुआ है, सक्रिय हो जाता। एक शॉक, एक धक्का, और वह चल पड़ता। लेकिन वह चूक गया; वह बाहर कूद गया। अक्सर लोग कूद जाएंगे। आप भी होते तो कूद गए होते। उसने कोई गलती नहीं की थी।


दो व्यक्ति रह गए। फिर इसके बाद मुंह तक पानी आ गया। और जब नाक तक पानी आया तो दूसरे ने भी सोचा कि अब खतरा है, वह भी छलांग लगा कर बाहर हो गया। लेकिन तीसरा आदमी खड़ा रहा। खतरा उसको भी दिखाई पड़ा, अंधा नहीं था। जान जाने की नौबत दिखाई पड़ी। मौत सामने आ गई। पानी सिर के ऊपर से निकल गया। लेकिन उसने कहा कि अब जो भी हो जाए, जो तय किया है तो तय किया है।


गुरजिएफ भागा पागल की तरह तंबू के भीतर से। वह नहर तो जान कर छुड़वाई गई थी। कूदा पानी में, उस आदमी को बाहर निकाला। वह आदमी दूसरा आदमी हो गया। गुरजिएफ ने कहा कि एक मौका मिला था, दो साथी तेरे चूक गए। इस दबाव में, इतने तेज दबाव में कि मौत सामने आ गई, लेकिन संकल्प नहीं बदला। तो फिर और कब चलेगा वह चक्र, वह चल पड़ा। वह आदमी दूसरा हो गया।


अब यह आदमी जो चाहेगा हो जाएगा। यह अपने विचार को कह दे कि रुक जाओ! तो फिर विचार चल नहीं सकते भीतर। यह आदमी कह दे कि श्वास रुक जाओ! तो फिर श्वास एक बार आगे नहीं चल सकती। यह आदमी कह दे कि मैं इसी वक्त मरता हूं! तो आप पाएंगे कि वह आदमी मर गया। यह आदमी अब जो चाहेगा अपने लिए, हो जाएगा।

तृषा गयी एक बूँद से 

ओशो

नाभि का केंद्र



नाभि का केंद्र फियर और भय का केंद्र है। जैसे जननेंद्रिय का केंद्र सेक्स का केंद्र है, वैसे नाभि का केंद्र भय का केंद्र है। यह शायद आपको खयाल में आया होगा कि जब भी आप भयभीत होंगे, नाभि डांवाडोल हो जाएगी और परेशान हो जाएगी।


अगर आप कार चला रहे हैं और एकदम से एक्सीडेंट हो, तो आपके शरीर में जो झटका पहुंचेगा वह नाभि पर पहुंचेगा, और कहीं नहीं। अगर कोई आदमी एकदम से आपकी छाती पर छुरा लेकर चढ़ जाए, तो सबसे बड़ा झटका नाभि पर पहुंचेगा। नाभि भय का केंद्र है। इसीलिए बहुत भय की अवस्था में किसी का मल-मूत्र भी छूट सकता है। उसके छूटने का और कोई कारण नहीं है। नाभि इतनी सक्रिय हो जाती है कि पेट को खाली करना जरूरी हो जाता है, अन्यथा नाभि सक्रिय नहीं हो सकती।


नाभि भय का केंद्र है। जिन लोगों का भय का केंद्र बहुत सक्रिय है, उनको थोड़ा नाभि पर ध्यान देना अत्यंत जरूरी है। इसलिए बहुत-बहुत प्राचीन समय से, जिन लोगों को युद्ध की शिक्षा दी जाती, उनके नाभि केंद्र को ही सबल करने की कोशिश की जाती है। भय वहीं पकड़ता है। भय और कहीं भी नहीं पकड़ता। कभी आपको भय खोपड़ी में नहीं पकड़ेगा। जब भी भय पकड़ेगा तब पेट में पकड़ेगा। और स्त्रियां ज्यादा भयभीत होती हैं, उसका कुल कारण इतना है कि स्त्री को पेट में गर्भ रखना पड़ता है और उसका नाभि केंद्र निरंतर निर्बल और कमजोर होता चला जाता है।


स्त्री और पुरुष के बीच भय का और कोई भेद नहीं है। और इसलिए पश्चिम में जैसे-जैसे स्त्रियां बच्चों को पैदा करने से इनकार कर रही हैं, उनका भय समाप्त होता चला जा रहा है। अगर स्त्रियां कुछ समय तक बच्चे देना बंद कर दें, तो वे करीब-करीब पुरुषों जैसी हालत में खड़ी हो जाएंगी। इसलिए दुनिया की जिन कौमों में भी स्त्रियां पुरुषों जैसी होने की कोशिश कर रही हैं, वहां वे मां बनने से इनकार करना शुरू कर देंगी। क्योंकि पुरुष नहीं बना जा सकता जब तक कि मां बनने की प्रक्रिया जारी है। क्योंकि वह जो मां बनने की स्थिति है, वही सारे व्यक्तित्व को भय से भर देती है।


वह जो नाभि केंद्र है वह भय का केंद्र है। जब आप भयभीत होंगे तब आपका पाचन एकदम खराब हो जाएगा। चिंतित होंगे, पाचन खराब हो जाएगा। इसीलिए चिंता और भय के कारण...दुनिया में आज बहुत भय है और बहुत चिंता है। अल्सर की बीमारी का और कोई कारण नहीं होता। जितना भयभीत और चिंतित आदमी होगा, पेट की सारी की सारी व्यवस्था धीरे-धीरे विकृत और खराब होती चली जाएगी।


यह ध्यान रखना जरूरी है कि अगर काम केंद्र सक्रिय हो तो आदमी जिस धर्म को जन्म देगा या जिस तरह के धर्म को मानेगा, वह धर्म किसी न किसी तरह सेक्सुअल ओर्जी का धर्म होगा। सबसे प्राचीन धर्म के जो प्रतीक हैं वे जननेंद्रिय के प्रतीक हैं, फैलिक हैं। जैसे शंकर का शिवलिंग है, या यूनान में, या रोम में, या मिश्र में जो प्राचीनतम, मेसोपोटामिया में, बेबीलोन में, सीरिया में या हड़प्पा-मोहनजोदड़ो में जो सबसे प्राचीनतम जो मूर्तियां मिली हैं, वे सब फैलिक हैं। वे सब जननेंद्रिय के ही प्रतीक हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि आज से कोई बीस हजार वर्ष पहले जो भी दुनिया में सभ्यता थी, वह चूंकि अभी जानवरों से बहुत आगे विकसित नहीं हुई थी, इसलिए भगवान का प्रतीक भी जननेंद्रिय ही हो सकती थी। वही केंद्र सबसे ज्यादा सक्रिय था। 


उस केंद्र के बाद जैसे-जैसे मनुष्य थोड़ा बलशाली हुआ, और थोड़ा पार हुआ वासना के, और भी उसने कुछ सोचना शुरू किया, भगवान की जो प्रतिमा बननी शुरू हुई वह भयभीत करने वाले भगवान की थी। ओल्ड टेस्टामेंट में, या पुराने भगवान के जो रूप हैं रुद्र के, वे सारे के सारे रूप घबड़ाने वाले, डराने वाले रूप हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि मनुष्य का जो दूसरा केंद्र है भय का, उस भय के केंद्र ने भयभीत करने वाले भगवान को जन्म दिया। 


वह जो मंदिरों में हाथ जोड़ कर प्रार्थना करने वाला आदमी है, भगवान के चरणों में सिर रखने वाला आदमी है, जो कंपता है और कहता है, हे भगवान, बचाओ! अगर वह थोड़ा भी ध्यान रखेगा तो उसे पता चलेगा कि उस प्रार्थना करने के क्षण में उसकी नाभि का केंद्र सबसे ज्यादा सक्रिय होगा। दुनिया जितनी शिक्षित होगी, जितना दुनिया में भय कम होगा, उतना ही पूजा और प्रार्थना करने वाले धर्म जमीन से अपने आप समाप्त होते चले जाएंगे। क्योंकि वे धर्म नाभि के केंद्र से विकसित होते हैं। अगर नाभि का केंद्र मजबूत हुआ तो वे विलीन हो जाएंगे।


मंदिरों में पुरुषों की बजाय स्त्रियां ज्यादा दिखाई पड़ती हैं। उसका कोई और कारण नहीं है, उनका नाभि का केंद्र पुरुषों से ज्यादा क्षीण है। जहां एक पुरुष होगा, वहां कम से कम चार स्त्रियां मंदिर में होंगी। सारे मंदिर स्त्रियां चलाती हैं। सारे साधु-संतों को स्त्रियां चलाती हैं। भय! भय वाला भगवान उन्हें अपील करता है, उन्हें सार्थक मालूम पड़ता है।


इस पर ध्यान जाना जरूरी है कि जो आदमी भी जीवन में बहुत भयभीत हो उसे ध्यान के साथ नाभि के केंद्र पर थोड़े प्रयोग करने जरूरी होते हैं, उस केंद्र को मजबूत करने के सुझाव देने जरूरी होते हैं। और यह बड़े मजे की बात है कि ये केंद्र चूंकि प्राणों के केंद्र हैं, विद्युत के केंद्र हैं, ये मात्र सुझाव से परिवर्तित हो जाते हैं। इनके लिए कुछ और करना नहीं पड़ता। 


उसके बाद तीसरा केंद्र हृदय का केंद्र है। वह राग का केंद्र है, मोह का केंद्र है, लगाव का केंद्र है। जो लोग तीसरे केंद्र से प्रभावित होते हैं, वे किसी न किसी तरह के भक्ति वाले धर्म में दीक्षित हो जाएंगे। जहां राग, मोह, उस तरह के आसक्ति की पकड़ने की संभावना हो। यह तीसरे केंद्र पर भी ध्यान रखना जरूरी है। इसे भी समझ लेना जरूरी है कि वह क्या-क्या कर सकता है। वह भी बहुत सक्रिय है।


पूरब के मुल्कों में बहुत सक्रिय है, पश्चिम के मुल्कों में कम होना शुरू हुआ है। इसलिए पश्चिम के मुल्कों में परिवार टूट रहा है। परिवार के टूटने को कभी नहीं रोका जा सकता पश्चिम में, जब तक कि उनके हृदय के केंद्र को मजबूत करने की कोई वैज्ञानिक प्रक्रिया में दीक्षित न किया जाए। परिवार वहां टूटता ही चला जाएगा। क्योंकि राग का केंद्र टूट गया है, या टूट रहा है, या शिथिल हो गया है, या निष्क्रिय है। पूरब के मुल्कों में भी घटना शुरू हो गई है। 


और यह भी ध्यान रहे कि यह केंद्र भी पुरुष की बजाय स्त्री का ज्यादा सक्रिय है। इसलिए परिवार को बनाने वाला पुरुष नहीं है, परिवार को बनाने वाली स्त्री है। इस भूल में कोई न रहे कि परिवार पुरुष ने निर्मित किया है। पुरुष परिवार निर्मित कर ही नहीं सकता। परिवार पुरुष के बावजूद निर्मित हो गया है, पुरुष तो परिवार से प्रतिपल भागने की चेष्टा में रत है, वह तो प्रतिपल भाग जाना चाहता है। उसका कोई राग का केंद्र उतना तीव्र नहीं है। स्त्री ने सारी की सारी सभ्यता खड़ी की है। परिवार और घर उसने खड़ा किया है। पुरुष जन्म से खानाबदोश है। वह भटकने वाला है। वह भटकता रहे, उतना सुखी होगा। जितना भटके उतना सुखी होगा। स्त्री एक जगह खूंटी गाड़ कर बैठ जाना चाहती है। भटकना उसे बहुत कठिन मालूम पड़ता है। भटकना उसके मन की बात नहीं है। कहीं वह लगाव बांध ले; कोई छोटी जमीन हो, कोई छोटा मकान हो, जहां वह बैठ जाए। और इसीलिए परिवार, कैसा ही परिवार हो, पुरुष उसमें कभी भी केंद्र नहीं है, वह उसकी परिधि पर घूमता रहता है, उसका केंद्र स्त्री बन जाती है।


वह जो केंद्र है राग का, उस केंद्र पर भी विचार करना, समझना जरूरी है कि मेरे व्यक्तित्व में वह बहुत महत्वपूर्ण है या नहीं।


अभी मैं सिर्फ समझा रहा हूं कि ये केंद्र क्या काम करते हैं। फिर हम आगे उसकी बात को सोच सकते हैं कि उनसे और क्या काम लिया जा सकता है।


तृषा मिटी एक बूँद से 


ओशो

प्रभु! तुम्हें रिझाऊं कैसे?






मीरा जैसा नृत्य न आया

कोयल जैसा कंठ न पाया

जम्बू जैसा ध्यान न ध्याया

तेरी महिमा इस जड़ वाणी से

समझाऊं कैसे

प्रभु, तुम्हें रिझाऊं कैसे?


अनेकांत! रिझाने की बात ही नहीं है, परमात्मा तुम पर रीझा ही हुआ है। न रीझा होता तो तुम होते ही नहीं। रीझा है इसलिए तुम हो। तुम्हें बनाया, इसी में उसने घोषणा कर दी है कि तुम पर रीझा है।


जब कोई बांसुरीवादक गीत गाता है तो गाता ही इसीलिए है कि उस गीत पर रीझा है। नहीं तो क्यों उठाएं बांसुरी, क्यों बजाएं बांसुरी। और जब कोई नर्तक पैर में घुंघरू बांध कर नाच उठता है तो साफ है कि रीझा है इस नृत्य को बिना नाचे नहीं रह सकता। परमात्मा तुम्हें नाच रहा है परमात्मा तुम्हें गा रहा है अनेकांत रीझाने का कोई सवाल नहीं है, परमात्मा तुम पर रीझा हुआ है। काश, तुम इस सत्य को समझ पाओ तो तुम्हारे जीवन से इसी क्षण अंधकार टूट जाए! जिस पर परमात्मा रीझा हुआ हो, उसे क्या चाहिए? परमात्मा ने जिसकी आंखों में काजल दिया हो और परमात्मा ने जिसके ओंठों को रंग दिया हो और परमात्मा ने जिसके अंग-अंग गढ़े हों, उसे और क्या चाहिए? जिसके रोएं-रोएं पर परमात्मा का हस्ताक्षर है, उसे और क्या चाहिए? यह सारा जगत् उसके रीझे होने की खबर दे रहा है।


अगर परमात्मा रीझा न हो अस्तित्व पर तो अस्तित्व कभी का समाप्त हो जाए। फिर श्वास कौन ले? फिर नए पत्ते क्यों फूटें? फिर नए बच्चे क्यों पैदा हों? फिर नए तारे क्यों जन्में? तुम यह चिंता छोड़ो कि परमात्मा को कैसे रिझाएं।


और इसलिए भी कहता हूं कि यह चिंता छोड़ो कि परमात्मा को किन्हीं विशिष्ट गुणों के कारण नहीं रिझाया जाता। तुम क्या सोचते हो, मीरा इस देश की सबसे बड़ी नर्तकी थी, इसलिए रीझा पायी परमात्मा को? जो नृत्य-शास्त्र को जानते हैं उनसे पूछो। वे कहेंगे : बहुत नर्तकियां थीं, मीरा कोई बड़ी नर्तकी है? शायद ठीक-ठीक नाचना आता भी न होगा। ऐसे दीवानों को कहीं ठीक-ठीक नाचना आता है? ऐसे दीवाने कि उनके पैर ठीक-ठीक पड़ रहे हैं, इसका होश कौन रखेगा? तबले की थाप के साथ संगति बैठ रही कि नहीं, मीरा को इसका होश होगा?--जो कहती है, "लोक-लाज खोई', सब लोक-लाज खो कर जो नाची! जिसे अपने वस्त्रों का भी होश नहीं रहता था, उसे छंद, संगीत, मात्रा, ताल, लय इनका स्मरण रहता होगा?


नहीं; मीरा कोई बहुत बड़ी नर्तकी नहीं थी। नर्तकियां तो बहुत रही होंगी। राजाओं के जमाने थे, रजवाड़ों के दिन थे, हर दरबार में नर्तकियां थीं, बड़ी-बड़ी नर्तकियां थीं। सारे देश में नाचनेवालों का एक अलग जगत् था। संगीत की एक प्रतिष्ठा थी। क्या तुम सोचते हो मीरा के पास बड़ा मधुर कंठ था इसलिए परमात्मा को रीझा लिया? इन भूलों में मत पड़ना। परमात्मा रीझता है न तो मीरा के नृत्य के कारण, न गीत के कारण। परमात्मा तो रीझा ही हुआ है। इस सत्य को मीरा ने समझ लिया कि परमात्मा रीझा ही हुआ है; इस सत्य को समझने के कारण नाची, जी-भर कर नाची, आह्लादित हो कर नाची। कंठ फूट पड़ा हजार-हजार गीतों में। यह गीत अनगढ़ है। यह नृत्य भी अनगढ़ है। लेकिन यह भाव कि परमात्मा ने मुझे इस योग्य समझा कि बनाए, धन्यवाद के लिए पर्याप्त है।

क्कड़ों पर रीझा परमात्मा। फक्कड़पन चाहिए। भाव कि स्वच्छता, निर्मलता चाहिए। श्रद्धा चाहिए। किसी और गुण का स्वभाव नहीं है कि पी-एच० डी० हो कि डी० लिट० हो कि विश्वविद्यालय की डिग्री हो कि महावीर-चक्र मिला हो कि पद्मश्री कि भारत-रत्न, कुछ इस तरह की बातें हों। इन सब बातों से परमात्मा का कोई संबंध नहीं जुड़ता। परमात्मा तो इन पत्तों पर रीझा है, फूलों पर रीझा है, तितलियों पर रीझा है,  पत्थरों पर रीझा है। तुम पर न रीझेगा? परमात्मा तो रीझा ही हुआ है। तुम जरा हिम्मत जुटाओ। तुम ज़रा आंख खोलो। तुम ज़रा हिम्मत बांधो, साहस बांधो--इस बात को देखने का कि परमात्मा तुम पर रीझा हुआ है और तत्क्षण जोड़ हो जाएगा।
अनेकांत! मत पूछो--

प्रभु! तुझे रिझाऊं कैसे

मीरा जैसा नृत्य न आया. . . 

अच्छा ही है, नहीं तो एक नकली मीरा होती और। और अनेकांत जंचते भी नहीं नकली मीरा की हालत में। ज़रा गड़बड़ ही मालूम होती।

". . . कोयल जैसा कंठ न पाया. . .'


बड़ी कृपा है! आदमी होकर और कोयल जैसा कंठ होता तो अड़चन में पड़ते, जहां जाते वहीं अड़चन में पड़ते। कोयल का कंठ कोयल को ही ठीक है।


". . . जम्बू जैसा ध्यान न ध्याया 


तेरी महिमा इस जड़ वाणी से समझाऊं कैसे . . . '


तुम्हारा भाव समझ में आ रहा है। वाणी जड़ है और उस चैतन्य को नहीं समझा पाती। मगर वाणी ही तो नहीं है, मौन भी तो है तुम्हारे पास है! तुम मौन को गुनगुनाने दो, तुम मौन के नाद को उठने दो। और अगर तुमने मीरा का सोचा तो नकल हो जाएगी। महावीर का सोचा तो नकल हो जाएगी। मुहम्मद की सोची तो नकल हो जाएगी।


और इस दुनिया में नकल से बड़ी अड़चन हो गई है, सारे नकली लोग भरे हुए हैं। सारे जैन मुनि हैं, वे महावीर होने की कोशिश कर रहे हैं। अगर महावीर हो भी गए तो भी परमात्मा के द्वार पर इन्हें प्रवेश नहीं मिलेगा, क्योंकि एक महावीर काफी है। इतनी भीड़ क्या करेंगे महावीरों की लेकर? और ये सब नकली होंगे और ये सब थोथे होंगे, ऊपर-ऊपर होंगे। क्योंकि असली तो कभी भी किसी दूसरे की नकल नहीं होता। 


परमात्मा ने तुम्हें इतना गौरव दिया है, इतनी गरिमा दी है; तुम्हें एक आत्मा दी है--और तुम अनुकरण करोगे! आत्मा का अर्थ क्या होता है आत्मा का अर्थ होता है : जिसका अनुकरण नहीं किया जा सकता। वह विशिष्ट रूप से तुम्हारी है और बस तुम्हारी है; और किसी की न कभी थी और किसी की कभी होगी भी नहीं। तुम अद्वितीय हो, यही तो तुम्हारी आत्मा है। अगर तुम महावीर जैसे चलने लगे, उठने लगे, बैठने लगे तो सब थोथा हो जाएगा, सब झूठा हो जाएगा। और झूठ तो औपचारिक रहता है।

प्रेम रंग रस ओढ़ चदरिया 

ओशो

तुम पूछते हो : क्या हम ब्रह्मांड में अकेले पृथ्वीवासी हैं?

जान कर भी क्या होगा? अगर अनंत-अनंत पृथ्वियों पर भी लोग हों तो क्या होगा? पड़ोसी से तो प्रेम नहीं हो पा रहा है। शामून अली! मुसलमान हिंदू को प्रेम नहीं कर पा रहा है, जैन मुसलमान को प्रेम नहीं कर पा रहा है। भारतीय चीनी को प्रेम नहीं कर पा रहा है। पड़ोसी से प्रेम नहीं हो पा रहा है। दूर तारों पर अगर लोग बसे भी होंगे तो क्या करोगे? अभी पड़ोसी से तो संबंध नहीं जुड़े हमारे। अभी पति तो पत्नी से प्रेम नहीं कर पा रहा है, पत्नी तो पति से प्रेम नहीं कर पा रही है। अभी तो प्रेम के नाम पर न मालूम कितने ढंग की राजनीतियां चल रही हैं! अभी तो प्रेम के नाम पर एक-दूसरे पर कब्जे की कोशिश की जा रही है। अभी तो भाई भाई का दुश्मन है, अभी तो आदमी आदमी की हत्या के पीछे संलग्न है। अभी तो इस पृथ्वी से युद्ध अंत नहीं हुए, घृणा अंत नहीं हुई। अभी इस पृथ्वी पर भाईचारा, प्रेम, अभी मैत्री का सूरज यहां नहीं उगा। अगर होंगे भी दूर कहीं चांदत्तारों के पास किन्हीं ग्रह-उपग्रहों पर लोग तो क्या करोगे? मान लो कि हैं, फिर? या मान लो कि नहीं हैं. . .।


इस तरह के परिकाल्पनिक प्रश्नों में उलझ कर समय व्यय न करो। क्योंकि यही समय यही ऊर्जा प्रार्थना बन सकती है। क्यों बना है अस्तित्व, इसका कभी कोई उत्तर नहीं दिया जा सकता। क्योंकि जो भी उत्तर दिए जाएंगे उन्हीं उत्तरों पर यह प्रश्न पुनः पूछा जा सकता है। कोई कहे ईश्वर ने बनाया है तो पूछा जा सकता है, क्यों? और कोई कहे ईश्वर ने अपनी मौज से बनाया है तो पूछा जा सकता है, इसके बनाने के पहले उसे मौज न थी? दुःखी था ? कोई कहे कि लीला कर रहा है, तो अकेला ही है, लीला किसके सामने हो रही है? तो क्या कोई छोटा बच्चा है जो भटक गया है--जो रात के अंधेरे में अपने को ही ढाढस बंधाने को सीटी बजा रहा है? 


ईश्वर ने जगत् क्यों बनाया? यह प्रश्न वैसे का वैसा ही रहेगा। और अगर कोई उत्तर भी मिल जाए तो सवाल उठेगा, ईश्वर क्यों है? ईश्वर को किसने बनाया? क्या प्रयोजन होंगे? इन प्रश्नों का कोई अंत न होगा। एक प्रश्न और हजार प्रश्नों को अपने साथ ले आता है।


धार्मिक व्यक्ति को यह बात बहुत गहराई से समझ लेनी चाहिए कि प्रश्न गिरेंगे तो प्रार्थना जन्मेगी। अगर प्रश्न बने रहे तो प्रार्थना कभी जग नहीं सकती।

प्रेम रंग रास ओढ़ चदरिया 

ओशो

Popular Posts