Osho Whatsapp Group

To Join Osho Hindi / English Message Group in Whatsapp, Please message on +917069879449 (Whatsapp) #Osho Or follow this link http...

Sunday, March 19, 2017

एक दूसरे मित्र ने पूछा है कि मैं मिट रहा हूं, ऐसा भाव करने से मैं कैसे मिटूंगा?





इसलिए मिट जाइएगा कि मैं हूं, यह भी भाव का ही परिणाम है, यह कोई सत्य नहीं है। अगर मैं यहां बैठ कर यह भाव करूं कि मकान मिट रहा है, तो मकान नहीं मिटेगा। क्योंकि मकान मेरे भाव पर निर्भर नहीं है। मैं कितना ही भाव करूं कि मकान मिट रहा है, मकान मिट रहा है...आंख खोल कर देखूंगा, पाऊंगा कि मकान अपनी जगह है। क्योंकि मकान मेरे भाव से निर्मित नहीं है। लेकिन अगर मैं भाव करूं कि मैं मिट रहा हूं, तो मैं मिट जाऊंगा, क्योंकि मेरा होना मेरा भाव ही है। इसलिए दूसरे भाव से मिट सकता है; विपरीत भाव से मिट सकता है। 



आपको पता होना चाहिए, कुछ बीमारियां हैं जो इलाज से कभी ठीक नहीं होती हैं। वे इसलिए ठीक नहीं होतीं कि पहली तो बात वे बीमारियां झूठी हैं और इलाज सच्चा है। तो वैसा आदमी और बीमार हो जाएगा। अगर झूठी बीमारी का सच्चा इलाज होगा तो मुश्किल पड़ जाएगी। अगर एक आदमी को सांप ने काटा हो, तो सांप के काटने के लिए जो इंजेक्शन दिया जाना चाहिए वह उसको लाभ करेगा। लेकिन अगर एक आदमी को सांप ने काटा ही न हो और उसको खयाल पैदा हो गया हो कि मुझे सांप ने काटा, काटा चूहे ने हो या सपने के सांप ने काटा हो, तो उसको इंजेक्शन देना बहुत खतरनाक हो जाएगा। जितना सांप के काटने से खतरा नहीं है, उतना इंजेक्शन खतरनाक हो जाएगा। झूठी बीमारी के लिए झूठा इलाज चाहिए।



मैंने सुना है, एक रात एक सराय में कुछ लोग मेहमान थे। और एक आदमी सुबह चार बजे उठा और अपनी यात्रा पर आगे निकल गया। कई जगह के लोग ठहरे हुए थे, रात उन्होंने भोजन किया था। साल भर बाद वह आदमी उस सराय में वापस लौटा। उस सराय के मालिक ने उसे देखा और कहा, आप जिंदा हैं!



उस आदमी ने कहा, क्या मतलब? जिंदा क्यों नहीं रहूंगा? 



उसने कहा कि अरे! लेकिन बाकी जितने लोगों ने उस रात भोजन किया था, वे सब मर गए। फूड-पायज़न हो गया था, भोजन में जहर हो गया था। आप जिंदा हैं, आश्चर्य! लेकिन सब लोग तो मरे हुए उठे सुबह। आप तो चार बजे निकल गए थे।



उस आदमी ने इतना सुना और वहीं गिर पड़ा। उसे बहुत हिलाया, लेकिन वह तो मर चुका था।



साल भर पहले किया था भोजन! फूड-पायज़न हो गया! साल भर बाद मरा! मर सकता है। लेकिन ऐसी बीमारी का इलाज नहीं हो सकता। अगर जहर हो गया हो भोजन में तो इलाज हो सकता है। अब इस आदमी का कैसे इलाज करिएगा? इसका इलाज करना बहुत मुश्किल है। इसकी बीमारी झूठी है। झूठी बीमारी का झूठा इलाज करना होता है।


मैं जिसे समाधि का प्रयोग कह रहा हूं, झूठा इलाज है, सच्चा इलाज नहीं है। क्योंकि आपकी बीमारी झूठी है। मैं झूठी बीमारी है। उसे मिटाने के लिए उसी तरह झूठा इलाज करना पड़ता। 


मेरे पैर में असली कांटा गड़ जाए, असली, तो दूसरा कांटा असली लाकर निकालना पड़े। लेकिन असली कांटा न गड़े, सिर्फ मुझे खयाल हो जाए कि पैर में कांटा गड़ा है। अब असली कांटा लाकर मत निकालना, अन्यथा व्यर्थ का घाव हो जाएगा। कांटा गड़ा न हो, तो फिर झूठे कांटे की जरूरत पड़ती है।


धर्म की सारी प्रक्रियाएं झूठी प्रक्रियाएं हैं, क्योंकि अधर्म की बीमारी झूठ है। समस्त योग झूठी प्रक्रिया है। समस्त साधना झूठी प्रक्रिया है। इसलिए झूठी प्रक्रिया है कि जिसे हम मिटाने चल रहे हैं, वह बीमारी झूठी है। वहां कोई आदमी बीमार नहीं है। मैं अगर होता, तो हमें कोई असली तलवार खोज कर मैं को काटना पड़ता। 

समाधि के द्वार पर 

ओशो

संकल्प

रामकृष्ण के जीवन में एक उल्लेख है, जो कीमती है। रामकृष्ण ने अपने जीवन में पांच —सात धर्मों की साधनाएं कीं। उनको यह खयाल आया कि सभी धर्म एक ही जगह पहुंचा देते हैं, तो मैं सभी रास्तों पर चलकर देखूं कि वहां पहुंचा देते हैं कि नहीं पहुंचा देते हैं। तो उन्होंने ईसाइयत की साधना की, उन्होंने सूफियों की साधना की, उन्होंने वैष्णवों की साधना की, उन्होंने शैवों की साधना की तांत्रिकों की साधना की। जो भी उन्हें उपलब्ध हो सकी साधना, वह उन्होंने की। एक बहुत अदभुत घटना तो तब घटी..... क्योंकि ये सारी साधनाएं तो आंतरिक थीं, बाहर से पता नहीं चल सका। रामकृष्ण कहते थे तो ठीक था। जब रामकृष्ण सूफियों की साधना करते थे, तब हम कैसे बाहर से जानें कि उनके भीतर क्या हो रहा है। लेकिन फिर एक ऐसी साधना की पद्धति से वे गुजरे कि बाहर के लोगों को भी देखना पड़ा कि कुछ हो रहा है।


बंगाल में एक सखी—संप्रदाय है, जिसका साधक अपने को कृष्ण की प्रेयसी या पत्नी मानकर ही जीता है। सखी ही हो जाता है। वह पुरुष है या स्त्री, यह सवाल नहीं है। पुरुष एक ही रह जाते हैं कृष्ण और साधक उनकी प्रेयसी होकर, उनकी राधा बनकर, उनकी सखी बनकर जीता है। छह महीने तक रामकृष्ण ने सखी—संप्रदाय की साधना की। और आश्चर्य तो यह हुआ कि उनकी आवाज स्त्रैण हो गई। अगर वे दूर से बोलें, तो कोई भी न समझ पाए कि वे पुरुष हैं। उनकी चाल स्त्रैण हो गई। असल में स्त्री और पुरुष एक जैसा चल ही नहीं सकते, क्योंकि हड्डियों के कुछ बुनियादी फर्क हैं, चर्बी का कुछ बुनियादी फर्क है। स्त्री को चूंकि बच्चे को पेट में रखना है, इसलिए उसके पेट में एक विशेष जगह है, जो पुरुष के पास नहीं है। इसलिए उन दोनों की चाल में फर्क हो जाता है। उनके पैर अलग ढंग से पड़ते हैं। कोई स्त्री कितना ही संभल कर चले, उसका चलना कभी पुरुष जैसा नहीं हो सकता। स्त्री कभी पुरुष जैसा नहीं दौड़ सकती। कोई उपाय नहीं है। उसके ढांचे का भेद है।


लेकिन रामकृष्ण स्त्रियों जैसा दौड़ने लगे, स्त्रियों जैसा चलने लगे, स्त्रियों जैसी आवाज हो गई। यहां तक भी ठीक था कि कोई आदमी चाहे कोशिश करके स्त्रियों जैसा चलता हो, कोई आदमी कोशिश कर के स्त्रियों जैसा बोलता हो। लेकिन और भी हैरानी की बात हुई। रामकृष्ण के स्तन बड़े हो गए और स्त्रैण हो गए। यहां तक भी बहुत मामला नहीं था, क्योंकि बहुत लोगों को वृद्धावस्था में स्तन बड़े हो जाते हैं, पुरुषों को भी। लेकिन रामकृष्ण को मासिक धर्म शुरू हो गया, जो कि बहुत चमत्कार की घटना थी और नियमित स्त्रियों की भांति उसका वर्तुल चलने लगा। यह मेडिकल साइंस के लिए बहुत चिंतनीय घटना थी कि यह कैसे हो सकता है। और रामकृष्ण ने छह महीने के बाद जब साधना छोड़ दी, तब भी उनके ऊपर कोई डेढ़ साल तक उसके असर रहे। डेढ़ साल लग गया उसको वापस विदा होने में। संकल्प...... अगर रामकृष्ण ने पूरे मन से यह मान लिया कि मैं सखी हूं कृष्ण की तो व्यक्तित्व सखी का हो जाएगा।



यूरोप में बहुत—से ईसाई फकीर हैं जिनके हाथ पर स्टिगमैटा प्रकट होता है। स्टिगमैटा का मतलब है कि जीसस को जब सूली दी गई, तो उनके हाथों में खीले ठोंके गए। खीले ठोंकने से उनके हाथ से खून बहा। तो बहुत से फकीर हैं जो शुक्रवार को जिस दिन जीसस को सूली हुई उस दिन सुबह से ही जीसस के साथ अपने को आइडेटीफाई कर लेते हैं। वे जीसस हो जाते हैं। ठीक सूली का क्षण आते — आते हजारों लोगों की भीड़ देखती रहती है। वे हाथ फैलाए खड़े रहते हैं। फिर उनके हाथ फैल जाते हैं जैसे सूली पर लटक गए हों। और हाथों में, जिनमें खीलें नहीं ठुके हैं, उनसे खून की धाराएं बहनी शुरू हो जाती हैं। वे इतने संकल्प से जीसस हो गए हैं और सूली लग गई है। तो हाथ से छेद होकर खून बहने लगता है बिना किसी उपकरण के, बिना किसी छेद किए, बिना कोई खीला चुभाए। 



मनुष्य के संकल्प की बड़ी संभावनाएं हैं। लेकिन हमें कुछ खयाल में नहीं है। यह जो मृत्यु का स्वेच्छा से प्रयोग है, यह संकल्प का गहरा से गहरा प्रयोग है। क्योंकि साधारणत: जीवन के पक्ष में संकल्प करना कठिन नहीं है। हम जीना ही चाहते हैं। मृत्यु के पक्ष में संकल्प करना बहुत कठिन बात है। लेकिन जिन्हें भी सच में ही जीने का पूरा अर्थ जानना हो, उन्हें एक बार मर कर जरूर देखना चाहिए। क्योंकि बिना मर कर देखे वे कभी नहीं जान सकेंगे कि उनके पास कैसा जीवन है, जो नहीं मर सकता। उनके पास कुछ जीवन है जो अमृत की धारा है। इसे जानने के लिए उन्हें मृत्यु के अनुभव से गुजरना जरूरी है। क्योंकि एक बार वे स्वेच्छा से मर कर देख लें, फिर दोबारा उन्हें मरने का भय नहीं रह जाएगा। फिर मृत्यु है ही नहीं।


मैं मृत्यु सिखाता हूँ 

ओशो

इस युग को कृष्ण की जरूरत है





इस बात को स्मरण रखो कि जिसके पास बड़ा संकल्प है, उसी के पास बड़ा समर्पण होगा; जिसके पास पका हुआ अहंकार है, वही तो चरणों में झुकने की क्षमता पाता है।

इसलिए मैं नहीं कहता कि तुम अहंकार को काटो, गलाओ। मैं कहता हूं पकाओ, प्रखर करो, तेजस्वी करो; तुम्हारा अहंकार जलती हुई एक लपट बन जाए; तभी तुम समर्पण कर सकोगे। तुमसे मैं यह नहीं कहता हूं कि तुम काहिल होकर गिर जाओ पैरों में, क्योंकि खड़े होने की ताकत ही न थी। ऐसे गिरे हुए का क्या मूल्य होगा? खडे हो ही न सकते थे, इसलिए गिर गए! सिर उठा ही न सकते थे, इसलिए झुका दिया। ऐसे पक्षाघात और लकवे से लगे लोगों के समर्पण का कोई भी मूल्य नहीं है।


मूल्य तो उसी का है, जिसने सिर को उठाया था और उठाए चला गया था, और सब आकाशों में सिर को उठाए खड़ा रहा था। बल था, बडे तूफान आए थे और सिर नहीं झुकाया था; बड़ी आधियां आई थीं और इंचभर हिला न सकी थीं। संसार में लड़ा था, जूझा था।


अर्जुन जैसा अहंकार चाहिए! योद्धा का अहंकार चाहिए! इसलिए जब अर्जुन झुकता है, तो क्षणभर में महात्मा हो जाता है।


अब तक संजय अर्जुन को महात्मा नहीं कहता, आज अचानक अर्जुन महात्मा हो गया! इस आखिरी घड़ी में, पटाक्षेप होने को है, गीता अध्याय समाप्त होने को है, अचानक अर्जुन महात्मा हो गया! क्या घटना घटी? वही ऊर्जा जो योद्धा बनाती थी, वही अब समर्पित हो गयी।


तुम यह मत सोचना कि अर्जुन की जगह अगर कोई दुकानदार होता, तो इतनी आसानी से महात्मा हो जाता। नहीं; वह अपने हिसाब लगाता। वह गणित बिठाता। वह देखता कि फायदा किस में है। जीवन दाव पर न लगता। वह इतनी सरलता से न कहता, जो आपकी आज्ञा!


ऐसा नहीं कि अर्जुन लड़ा नहीं; लड़ा; लड़ा तभी तो कह सका; लड़ा, जूझा; कृष्ण से उसने कोई कमी नहीं रखी लड़ने में। वह सब तरफ से उसने संघर्ष लिया; सब तरफ से कोशिश की अपनी ही बात पर अडिग रहने की। लेकिन जब पाया कि अपनी बात गलत है; जब सब तरफ से पाया, छिद्र ही छिद्र हैं; नाव सब तरफ से बचाने की उसने कोशिश की, लेकिन न बचा पाया; नाव डूब गयी; तो झुका। यह झुकना ऐसा ही नहीं है कि बस, झुक गया औपचारिकता से। नहीं; संघर्ष किया, अपने संकल्प को बचाए रखने की कोशिश की; कृष्ण को जल्दी और सरलता से झुक नहीं गया। झुका तब, जब झुकने के सिवाय उपाय ही न रहा। जब संकल्प ने ही बता दिया कि यही मार्ग है; जब अहंकार ने ही पककर कह दिया कि अब फल को गिरना चाहिए; पक गया, पक गया, अब कोई कच्चा नहीं है; तब गिरा।



इसलिए कहता हूं, इस युग को कृष्ण की जरूरत है। अहंकार पक गया है। संकल्प प्रगाढ़ हुआ है। मनुष्य के हाथ में बड़ी ऊर्जा है। यह ऊर्जा नर्क ले जाएगी। यह ऊर्जा पृथ्वी को हिरोशिमा और नागासाकी में बदल देगी। अगर जल्दी ही इस ऊर्जा का रूपांतरण न हुआ, अगर यह ऊर्जा संकल्प से हटकर समर्पण की तरफ न बही, तो यह रेगिस्तान में खो जाएगी, मरुस्थल में खो जाएगी। इसके साथ आदमी भी खो जाएगा। एक महा अग्नि होगी, महा विस्फोट होगा।


मनुष्य की प्रौढ़ता पकी है, और कृष्ण के संदेश की ऐसे क्षण में जरूरत है।


गीता दर्शन 

ओशो 

गीता में कृष्ण का जोर समर्पण, भक्ति, श्रद्धा पर है, लेकिन आज की विश्व स्थिति में लोग बुद्धि केंद्रित और संकल्प केंद्रित हैं। इस स्थिति में गीता का मार्ग किस प्रकार मौज बैठता है?





इसलिए ही मौजूं बैठता है।


लोग जब अति बुद्धि—केंद्रित होते हैं, तब बुद्धि एक घाव की तरह हो जाती है। बुद्धि का उपयोग तो उचित है, लेकिन बुद्धि के द्वारा संचालित होना उचित नहीं है। बुद्धि उपकरण रहे, उपयोगी है, बुद्धि मालिक बन जाए, घातक है।


चूंकि युग बुद्धि—केंद्रित है, बुद्धि एक घाव बन गयी है। उससे न तो जीवन में आनंद फलित होता, न शांति का आविर्भाव होता, न जीवन में प्रसाद बरसता। जीवन केवल चिंताओं, और चिंताओं से भर जाता है। विचार, और विचारों की विक्षिप्त तरंगें व्यक्ति को घेर लेती हैं।


बुद्धि अगर मालिक हो जाए, तो विक्षिप्तता तार्किक परिणाम है। बुद्धि अगर सेवक हो, तो अनूठी है। उसके ही सहारे तो सत्य की खोज होती है। फर्क यही ध्यान रखना कि बुद्धि तुम्हारी मालिक न हो; मालिक हुई, कि बुद्धि उपाधि हो गयी।


इसीलिए कृष्ण का उपयोग है। उनकी समर्पण की दृष्टि औषधि बन सकती है।


एक तरफ ढल गया है जगत, बुद्धि की तरफ। अगर थोड़ा भक्ति, थोड़ी श्रद्धा का संगीत भी पैदा हो, तो बुद्धि से जो असंतुलन पैदा हुआ है, वह संतुलित हो जाए; यह जो एकागीपन पैदा हुआ है, एकांत पैदा हुआ है, वह छूट जाए; जीवन ज्यादा संगीतपूर्ण हो, ज्यादा लयबद्ध हो।


हृदय और बुद्धि अगर दोनों तालमेल से चलने लगें, तो तुम परमात्मा तक पहुंच जाओगे।


ऐसा ही समझो कि कोई आदमी यात्रा पर निकला हो; बायां पैर कहीं जाता हो, दायां कहीं जाता हो; वह कैसे पहुंचेगा मंजिल तक? हृदय कुछ कहता हो, बुद्धि कुछ कहती हो, दोनों में तालमेल न हो, तो तुम कैसे पहुंच पाओगे? बुद्धि ले जाएगी व्यर्थ के विचारों में, व्यर्थ के ऊहापोह में, कुतूहल में; हृदय तड़पेगा प्रेम के लिए, प्यासा होगा श्रद्धा के लिए। दोनों दो दिशाओं में खींचते रहेंगे; तुम न घर के रह जाओगे, न घाट के।


ऐसी ही दशा मनुष्य की हुई है।


समर्पण का यह अर्थ नहीं है कि बुद्धि को तुम नष्ट कर दो। समर्पण का इतना ही अर्थ है कि बुद्धि अपने से महत्तर की सेवा में संलग्न हो जाए।


अभी श्रेष्ठ को अश्रेष्ठ चला रहा है; यही तुम्हारी पीड़ा है।


श्रेष्ठ अश्रेष्ठ को चलाने लगे, यही तुम्हारा आनंद हो जाएगा। अभी तुम सिर के बल खड़े हो; जीवन में पीड़ा ही पीड़ा है, नर्क ही नर्क है। तुम पैर के बल खड़े हो जाओ। अभी तुम उलटे हो।


बुद्धि कीमती है, इसे ध्यान रखना। लेकिन बुद्धि घातक है, अगर अकेली ही कब्जा करके बैठ जाए। और बुद्धि की वृत्ति है मोनोपोली की, एकाधिकार की। बुद्धि बड़ी ईर्ष्यालु है। जब बुद्धि कब्जा करती है, तो फिर किसी को मौका नहीं देती। जब विचार तुम्हें पकड़ लेते हैं, तो फिर निर्विचार के लिए कोई जगह नहीं छोड़ते। अगर दो विचारों के बीच निर्विचार भी तिरता रहे, तो विचारों से कुछ बिगड़ता नहीं, तुम उनका भी उपयोग कर लोगे।


जो होशियार हैं, जो कुशल हैं, वे जीवन में किसी चीज का इनकार नहीं करते, वे सभी चीज का उपयोग कर लेते हैं। जो कुशल कारीगर है, वह किसी पत्थर को फेंकता नहीं; वह मंदिर के किसी न किसी कोने में उसका उपयोग कर लेता है। और कभी—कभी तो ऐसा हुआ है कि जो पत्थर किसी भी काम का न था और फेंक दिया गया था, आखिर में वही शिखर बना।


जीवन में कुछ भी फेंकने योग्य नहीं है, क्योंकि परमात्मा व्यर्थ तो देगा ही नहीं। अगर तुम्हें फेंकने जैसा लगता हो, तो तुम्हारी नासमझी होगी। जीवन में सभी कुछ सम्यकरूपेण उपयोग कर लेने जैसा है। आज मनुष्य ज्यादा बुद्धि की तरफ झुक गया है। वह पक्षपात ज्यादा हो गया; संतुलन टूट गया है। आदमी गिरा—गिरा ऐसी अवस्था में है; नाव डूबी—डूबी ऐसी अवस्था में है, एक तरफ झुक गयी है। कृष्ण की बात इसीलिए मौजूं है।


गीता दर्शन 

ओशो

Popular Posts