Osho Whatsapp Group

To Join Osho Hindi / English Message Group in Whatsapp, Please message on +917069879449 (Whatsapp) #Osho Or follow this link http...

Tuesday, September 24, 2019

साक्षीभाव क्या है? उसे हम जगाना चाहते हैं। क्या वह भी चित्त का एक अंश नहीं होगा? या कि चित्त से परे होगा?




 प्रश्न बहुत महत्वपूर्ण है, और ठीक से समझने योग्य है। साधारणत: हम जो भी जानते हैं, जो भी करते हैं, जो भी प्रयत्न होगा, वह सब चित्त से होगा, मन से होगा, माइंड से होगा। अगर आप राम—राम जपते हैं, तो जपने की क्रिया मन से होगी। अगर आप मंदिर में पूजा करते हैं, तो पूजा करने की क्रिया मन का भाव होगी। अगर आप कोई ग्रंथ पढ़ते हैं, तो पढ़ने की क्रिया मन की होगी। और आत्मा को जानना हो, तो मन के ऊपर जाना होगा। मन की कोई क्रिया मन के ऊपर नहीं ले जा सकती है। मन की कोई भी क्रिया मन के भीतर ही रखेगी।

स्वाभाविक है कि मन की किसी भी क्रिया से, जो मन के पीछे है, उससे परिचय नहीं हो सकता। यह पूछा है, यह जो साक्षीभाव है, क्या यह भी मन की क्रिया होगी? नहीं, अकेली एक ही क्रिया है, जो मन की नहीं है, और वह साक्षीभाव है। इसे थोड़ा समझना जरूरी है।

और केवल साक्षीभाव ही मनुष्य को आत्मा में प्रतिष्ठा दे सकता है, क्योंकि वही हमारे जीवन में एक सूत्र है, जो मन का नहीं है, मांइड का नहीं है। 

आप रात को स्वप्न देखते हैं। सुबह जागकर पाते हैं कि स्वप्न था, और मैंने समझा कि सत्य है। सुबह स्वप्न तो झूठा हो जाता है, लेकिन जिसने स्वप्न देखा था, वह झूठा नहीं होता। उसे आप मानते हैं कि जिसने देखा था वह सत्य था, जो देखा था वह स्वप्न था। आप बच्चे थे, अब युवा हो गये। बचपन तो चला गया, युवापन आ गया। युवावस्था भी चली जायेगी, बुढ़ापा आ जायेगा। लेकिन जिसने बचपन को देखा, युवावस्था  को देखा, बुढ़ापे को देखेगा, वह न आया, न गया; वह मौजूद रहा। सुख आता है, सुख चला जाता है; दुःख आता है, दुःख चला जाता है। लेकिन जो दुःख को देखता है और सुख को देखता है, वह मौजूद बना रहता है। 
 
तो हमारे भीतर दर्शन की जो क्षमता है, वह सारी स्थितियों में मौजूद बनी रहती है। साक्षी का जो भाव है, वह हमारी जो देखने की क्षमता है, वह मौजूद बनी रहती है। वही क्षमता हमारे भीतर अविच्छिन्न रूप से, अपरिवर्तित रूप से मौजूद है। आप बहुत गहरी नींद में हो जाएं, तो भी सुबह कहते हैं, रात बहुत गहरी नींद आयी, रात बड़ी आनंदपूर्ण निद्रा हुई। आपके भीतर किसी ने उस निंद्रापूर्ण अनुभव को भी जाना। उस आनंदपूर्ण सुषुप्ति को भी जाना। तो आपके भीतर जाननेवाला, देखनेवाला जो साक्षी है, वह सतत मौजूद है।
मन सतत परिवर्तनशील है, और साक्षी सतत अपरिवर्तनशील है। इसलिए साक्षीभाव मन का हिस्सा नहीं हो सकता। और फिर, मन की जो—जो क्रियाएं हैं, उनको भी आप देखते हैं। आपके भीतर विचार चल रहे हैं, आप शांत बैठ जायें, आपको विचारों का अनुभव होगा कि वे चल रहे हैं; आपको दिखायी पड़ेंगे, अगर शांत भाव से देखेंगे तो विचार वैसे ही दिखाई पड़ेंगे, जैसे रास्ते पर चलते हुए लोग दिखायी पड़ते हैं। फिर अगर विचार शून्य हो जायेंगे, विचार शांत हो जायेंगे, तो यह दिखायी पड़ेगा कि विचार शांत हो गये हैं, शून्य हो गये हैं; रास्ता खाली हो गया है। निश्चित ही जो विचारों को देखता है, वह विचार से अलग होगा। वह जो हमारे भीतर देखने वाला तत्व है, वह हमारी सारी क्रियाओं से, सबसे भिन्न और अलग है।

जब आप श्वास को देखेंगे, श्वास को देखते रहेंगे, देखते—देखते श्वास शांत होने लगेगी। एक घड़ी आयेगी, आपको पता ही नहीं चलेगा कि श्वास चल भी रही है या नहीं चल रही है। जब तक श्वास चलेगी, तब तक दिखायी पड़ेगा कि श्वास चल रही है; और जब श्वास नहीं चलती हुई मालूम पड़ेगी, तब दिखाई पड़ेगा कि श्वास नहीं चल रही है लेकिन दोनों स्थितियों में देखने वाला पीछे खड़ा हुआ है।

यह जो साक्षी है, यह जो विटनेस है, यह जो अवेयरनेस है पीछे, बोध का बिंदु है : यह बिंदु मन के बाहर है; मन की क्रियाओं का हिस्सा नहीं है। क्योंकि मन की क्रियाओं को भी वह जानता है। जिसको हम जानते हैं, उससे अलग हो जाते हैं। जिसको भी आप जान सकते हैं, उससे आप अलग हो सकते हैं; क्योंकि आप अलग हैं ही। नहीं तो उसको जान ही नहीं सकते। जिसको आप देख रहे हैं, उससे आप अलग हो जाते हैं, क्योंकि जो दिखायी पड़ रहा है, वह अलग होगा और जो देख रहा है, वह अलग होगा।

चल हंसा उस देश 

ओशो


भारत गरीब क्यों है?


मुझ से लोग आकर पूछते हैं, विशेषकर जो अमरीका से आते हैं, वे मुझसे पूछते हैं कि भारत गरीब क्यों है? क्योंकि भारत मूढ़ है। गरीबी मौलिक नहीं है, मूढ़ता मौलिक है। मूल में मूढ़ता है। यहां धन को पकड़ने की आदत है, यहां धन को जीने की आदत नहीं है। यहां हर चीज को पकड़ने की आदत है। यहां जो मिल जाए, उस पर कब्जा कर लो, मुट्ठी बंद कर लो। सम्हालकर बैठ जाओ।


अमरीका उछालता है, जो है, उसका उपयोग कर लो। असल में अमरीका, जो नहीं है, उसका भी उपयोग करता है। अभी कार खरीद लेगा और दस साल पैसे चुकाएगा। अभी हैं ही नहीं पैसे। दस साल में पैसे होंगे। कमाएगा, तब चुकाएगा। इंस्टालमेंट पर खरीद लेगा। इंस्टालमेंट पर खरीदने का मतलब है : तुम्हारे पास जो धन अभी नहीं है, वह तुमने खर्च कर दिया।


यहां भारत में जो धन तुम्हारे पास है, उसको भी तुम खर्च नहीं करते। अभी कल तुमने पढ़ा न, बुद्ध की इस कथा में कि वह आदमी मर गया—नगर श्रेष्ठी—अपुत्रक। और जब मर गया, तो उसके घर से सात दिन तक बैलगाडियो में भरकर धन ढोया गया। और वह खुद न तो कभी खाया ठीक से, न कभी पीया ठीक से। उसने कपड़े नहीं पहने ठीक से। जराजीर्ण कपड़े पहनता रहा। वह पुराने टूटे —फूटे रथों पर चलता रहा। रूखा—सूखा खाता रहा। वह शुद्ध भारतीय था!


यही भारतीय भारत की गरीबी के पीछे कारण है।

चीजों को बहने दो। चीजों को चलने दो, गतिमान होने दो। संसार को भी जीने का ढंग वही है, जो परमात्मा को जीने का ढंग है। पकड़ो मत।

लेकिन कभी —कभी तुम पकड़ना भी छोड़ देते हो, तब भी पकड नहीं छूटती। क्योंकि तुम्हारी जड़ता बड़ी गहरी है। एक आदमी कहता है ठीक है। नहीं पकड़ेंगे। तो धन छोड़कर जंगल भाग जाता है। अब वह त्याग को पकड़ लेता है! पहले धन को पकड़ा था, अब त्याग को पकड़ लिया!

तुम्हें इस तरह के साधु —संतों का पता होगा, जो धन नहीं छूते। यह मूढ़ता सिर के बल खडी हो गयी! पहले सिर्फ धन ही धन इनका प्राय था, अब धन छूने से घबड़ाते हैं, जैसे धन में कोई सांप—बिच्छू है। मध्य में नहीं टिकते।

मध्य में टिकने का मतलब है : धन को आने दो, जाने दो। रोको भर मत। आए भी, जाए भी। यात्रा जारी रहे।

तो या तो प्रेम करते हैं लोग, और विवाह में रूपांतरित कर लेते हैं। या फिर इतने घबड़ा जाते हैं, कहते हैं कि हम संन्यासी हुए जाते हैं। हम इस प्रेम की झंझट में न पड़ेंगे। इसमें झंझट है। हम संन्यासी हैं। हम ब्रह्मचर्य धारण कर लेते हैं। हम किसी से कभी कोई प्रेम ही न करेंगे।

मगर हर हालत में तुम जड़ रहते हो। या तो विवाह बनकर जड़ या ब्रह्मचारी बनकर जड़। लेकिन प्रेम आए और जाए, बहे—उससे तुम घबडाते हो। उससे तुम्हारे प्राण संकट में पड़ जाते हैं।

वासुदेव यही कह रहा है। वह कह रहा है अपरिग्रह का सूत्र यही है कि चीजें आतीं, जातीं। तुम बीच में अडो मत। जब आएं, तो आ जाने दो। जब चली जाएं, तब चली जाने दो। न तो खींचो आने के लिए। न धकाओ जाने के लिए।

नदी अपने से ही बह रही है, इसको धकाने इत्यादि की कोई जरूरत नहीं है। जो नदी पर मुट्ठी बांधेगा, उसकी मुट्ठी खाली रह जाएगी। जल पी लो, स्नान कर लो, मुट्ठी मत बांधो।

एस धम्मो सनंतनो

ओशो 
 



कबीर किस गुरु के प्रसाद को पाकर बार-बार आनंद-विभोर हुए जा रहे हैं?




कबीर गुरु का नाम तो लेते ही नहीं। गुरु का कोई नाम होता भी नहीं। गुरु चेतना की एक दशा है। नाम जानना चाहो तो कबीर के गुरु रामानंद थे। लेकिन कबीर उसका नाम भी कभी लेते नहीं हैं। सिर्फ एकाध जगह कहा हैः "रामानंद चेताये।" बाकी साधारणतः वे नाम भी नहीं लेते कि कौन गुरु हैं। प्रश्न है ही नहीं कि कौन गुरु हैं।

गुरु तो एक पद है, एक चैतन्य की दशा है, एक अवस्था है, और गुरु तो एक संबंध है, शिष्य का एक भाव है और शिष्य की एक आंतरिक निकटता है, सामीप्य है।

गुरु शिष्य का एक अनुभव है।

तो वे जो कहते हैं बार-बार, गुरु के प्रसाद से मिला, गुरु के प्रसाद से मिला--वे यह कह रहे हैं कि मेरे प्रयास से नहीं मिला। इसमें किस गुरु के प्रसाद से मिला, यह गौण है। गुरु के प्रसाद से मिला, "प्रसाद" से मिला, यह महत्त्वपूर्ण है। सारी एम्फेसिस, सारा जोर प्रसाद पर है। किस गुरु के प्रसाद से मिला, यह फिजूल की बात है। किस नदी में तुमने पानी पीया और प्यास बुझायी, यह कोई अर्थ की बात है? किस कुएं पर पानी पीया, उसका नाम याद रखने की क्या जरूरत है? लेकिन एक बात पक्की है कि कुएं से प्यास बुझी। बस उतना कहना जरूरी है।

इसलिए कबीर कहते हैं : गुरु-प्रसाद से सब हुआ। जोर इस बात का है कि अपनी चेष्टा से जो न हो पाया, वह उसकी कृपा से हुआ। और गुरु तो एक ही है। अब इसे थोड़ा समझना मुश्किल होगा।

समझो, बुद्ध हैं और उनका एक शिष्य है सारिपुत्र। सारिपुत्र समर्पित हो गया, शिष्य हो गया। जैसे ही सारिपुत्र शिष्य हुआ, सारिपुत्र मिट गया, शिष्य रह गया। शिष्य का मतलब होता है, जो सीखने को तैयार हो। और सीखने को वही तैयार हो सकता है जो सारिपुत्र न रह गया हो। क्योंकि सारिपुत्र का तो मतलब होता है अतीत, कल, तो कुछ जाना, समझा, बूझा, जो-जो सिर पर बोझ लेकर आया, वही सारिपुत्र। वह तो मिट गया, शिष्य रह गया, खाली रह गया, एक शून्य, एक कोरा कागज--कि लिखो, जो लिखना हो लिख दो; अब मेरी तरफ से कोई लिखावट न बची।

और जब शिष्य इतना खाली हो जाता है नाम-रूप से, तो उसे बुद्ध में भी नाम-रूप थोड़ी दिखाई पड़ती है फिर! तुम्हें अपना नाम मालूम होता है तो गुरु का भी नाम दिखाई पड़ता है। तुम्हें अपना रूप दिखाई पड़ता है तो गुरु का भी रूप दिखाई पड़ता है। जिस दिन तुमने अपना नाम-रूप छोड़ दिया उस दिन तुम्हें गुरु में वह अखंड ज्योति दिखाई पड़ती है, जिसका कोई नाम-रूप नहीं है। वह तो ऊपर की खोल है बुद्ध अब। वह जो गौतम सिद्धार्थ है, वह जो ऊपर की खोल है। उसके लिए थोड़े ही समर्पण किया है। समर्पण तो भीतर की ज्योति के लिए किया है, जिसका कोई नाम नहीं है। वह है गुरु।

और जब यह प्रसाद बटेगा, जब इस ज्योति का तुम्हारी भीतर की ज्योति से मिलन होगा। कबीर कहते हैं : ज्योति में ज्योति समानी--वह ज्योति ज्योति में समाएगी, जब तुम्हारा बुझा दीया अचानक जल उठेगा। एक लपक--और गुरु की ज्योति तुममें समा जाएगी, और तुम शिष्य न रह जाओगे, तुम स्वयं भी गुरु जैसे हो गए, गुरु हो गए--उस घड़ी में तुम क्या कहोगे--बुद्ध की कृपा से? वह ठीक न होगा, क्योंकि वह तो गुरु का एक नाम हो गया गुरु की कृपा से!

फिर रामानंद के पास कबीर बैठा है। फिर कबीर समर्पित हो गया। अब रामानंद भी रामानंद न रहे; वही अखंड ज्योति भीतर जलने लगी, जो सारिपुत्र को गौतम बुद्ध में दिखाई पड़ी। वही कबीर को रामानंद में दिखाई पड़ी। वही अनंत-अनंत काल में अनंत-अनंत शिष्यों को अनंत-अनंत गुरुओं में दिखाई पड़ी। वह ज्योति एक है; वह जैसे ही शिष्य खोता है, वह अनुभव में आ जाती है, दिखाई पड़ने लगती है, प्रतीत होने लगती है।

हजारों शिष्य हुए, हजारों गुरु हुए; लेकिन घटना तो एक ही है--वह शिष्य और गुरु के बीच समान घटती है। उसका कोई भेद ही नहीं पड़ता। हजारों कंठ, हजारों प्यासे कंठ, हजारों कुएं--और जब पानी गले में कंठ से मिलता है तो प्यास बुझती है, जो तृप्ति होती है, वह तो एक ही है। उसका क्या कोई नाम है?तुम्हारे कंठ में जब प्यास लगती है और पानी की बूंद जाती है तो तुम सोचते हो, कोई अलग तरह की तृप्ति होती है जैसा किसी दूसरे को नहीं होती? वही तृप्ति है। कंठ होंगे अलग-अलग, प्यास तो एक है। जल के घाट होंगे अलग-अलग, जलधार तो एक है, जल का स्वभाव तो एक है। और जब जल और प्यास का मिलन होता है तो जो तृप्ति होती है, उसका स्वभाव कैसे भिन्न हो सकता है?

तो, जो सारिपुत्र को अनुभव हुआ बुद्ध के पास, जो गौतम को अनुभव हुआ महावीर के पास, जो ल्यूक को मैथ्यू को अनुभव हुआ जीसस के पास, जो अली को अनुभव हुआ मुहम्मद के पास, वही कबीर को अनुभव हुआ रामानंद के पास।

नामरूप की बात सब व्यर्थ है।

मेरा मुझ में कुछ नहीं 

ओशो

Popular Posts