Osho Whatsapp Group

To Join Osho Hindi / English Message Group in Whatsapp, Please message on +917069879449 (Whatsapp) #Osho Or follow this link http...

Friday, March 10, 2017

कल की तरकीब




भारतवर्ष कितने हजारों साल से अहिंसा की बातें करता है, कितने हजारों साल से हमने अहिंसा के गीत गाये हैं, अहिंसा के शास्त्र रचे हैं, अहिंसा की बात हम करते रहे हैं और एक भी आदमी अहिंसक नहीं है!


इधर बीस, पच्चीस, चालीस सालों से तो हम बहुत ही अहिंसा की बातें कर रहे हैं! लेकिन जब स्वयं पर मुसीबत आती है तो हम उतने ही हिंसक सिद्ध होते हैं, जितना कोई और! चीन ने देश पर हमला किया, फिर हमारी अहिंसा खो गयी! पाकिस्तान के साथ मुठभेड़ होते ही हमारी अहिंसा खो जाती है! फिर कोई अहिंसा की बात नहीं करता। फिर हम कहते हैं, अहिंसा की रक्षा के लिए हिंसा की जरूरत है!


अहिंसा की रक्षा के लिए भी हिंसा की जरूरत पड़ती है तो अहिंसा बहुत नपुंसक है। अगर अहिंसा की रक्षा हिंसा से की जा सकती है, तब तो फिर अमृत की सुरक्षा के लिए जहर का इंतजाम करना पड़ेगा, और प्रेम की रक्षा के लिए घृणा सीखनी पड़ेगी, और जिंदा रहने के लिए मरना पड़ेगा!


अहिंसा हमारी बातचीत है हजारों साल की और उससे सिर्फ एक बात घटी है कि हमने हिंसा को देखना बंद कर दिया है! अहिंसा की बातों में हिंसा का तथ्य भूल गये हैं और हमें दिखाई नहीं पड़ता!

चित्त अशांत है तो हम कहेंगे, कल हम शांत हो जायेंगे! कुछ विधि का उपयोग करेंगे, किसी जाप का उपयोग करेंगे! फिर कल भी आ जायेगा। कल तो आता नहीं, वह आज होगा। और आप कहेंगे, आज अशांत हूं, कोई बात नहीं, कल शांत हो जायेंगे।

यह स्थिति करण आत्मवंचना है। इस स्थिति से फिर जिंदगी में कभी परिवर्तन नहीं होगा। फिर तने ही रह जायेंगे, तनाव ही रह जायेगा। पीछे लौटकर देखिये, जिंदगी में कितनी बार सोचा होगा, कल यह कर लेंगे, कल वह कर लेंगे। मनोवैज्ञानिक बात कहें तो भीतर वह "आज' आज तक नहीं हुआ। वह कभी नहीं होगा। वह उपाय तथ्यों को झुठलाने और पलायन का है।

किसी तथ्य को भूलने से कभी उसको बदला नहीं जा सकता।

अगर हिंसा बदलनी है तो अहिंसा की बातचीत बंद कर दें। हिंसा को देखें। वह जो अभी है, उसे देखें, उसे पहचानें, उसे खोजें कि क्या है। और जितना उसे जानेंगे, जितना पहचानेंगे, जितना उसको देखने में समर्थ हो जायेंगे, वह हिंसा का तथ्य उतना ही बदलना शुरू हो जायेगा--अभी और यहीं, कल नहीं।


अगर भीतर घृणा है, चोरी है तो उसे देखें और पहचानें। यह मत कहें कि कल मैं चोरी छोड़ दूंगा। अगर चोरी गलत हो गई है तो कल की बात क्यों करते हैं?


अभी सांप रास्ता काटता है तो आप ऐसा नहीं कहते कि कल मैं बच जाऊंगा। अभी छलांग लगाते हैं, क्योंकि सांप सामने खड़ा है फन फैलाये हुए। तो आप यह नहीं कहते, ठीक है, अभी खड़े रहो। सांप से कल हम बच जायेंगे। कल हम छलांग लगा लेंगे। सांप सामने खड़ा होता है तो आप अभी, इसी वक्त छलांग लगाते हैं। क्यों? क्योंकि सांप दिखाई पड़ता है। सांप के साथ मौत दिखाई पड़ती है। सांप का जहर दिखाई पड़ता है। एक छलांग में आप बाहर हो जाते हैं।


हिंसा सामने खड़ी है और आप कहते हैं, कल हम अहिंसक हो जायेंगे! तो फिर आपको हिंसा का जहर दिखाई नहीं पड़ता, हिंसा की मौत दिखाई नहीं पड़ती, हिंसा का पागलपन दिखाई नहीं पड़ता। इसलिए आप कहते हैं, कल। अभी क्या जल्दी है, कल!


अभी घर में आग लगी है, तब आप यह नहीं कहते हैं कि कल बाहर निकल जायेंगे। तब आप कहते हैं, अभी इसी क्षण मुझे बाहर निकलना है। आप यह कहते भी नहीं हैं, इसी क्षण बाहर निकलना है; आप निकलना शुरू हो जाते हैं, आप निकल ही जाते हैं!


जिंदगी के तथ्य भी आग लगे होने से या सांप के तथ्यों से ज्यादा खतरनाक हैं। लेकिन कल की तरकीब से आप झुठला जाते हैं और उनको नहीं बदल पाते!


जीवन की बदलाहट, जीवन की क्रांति, जीवन का रूपांतरण इस क्षण होगा, अभी होगा। कल कभी नहीं होगा। 


नेति नेति (सत्य की खोज)

ओशो

आगे! आगे और आगे!



वनवास के दिनों में एक सुबह युधिष्ठिर अपने झोपड़े पर बैठे हैं और एक भिखारी ने भिक्षापात्र उनके सामने फैलाया है। युधिष्ठिर ने कहा, कल! कल ले लेना, कल आ जाना, कल दे दूंगा!

भीम बैठा हुआ सुनता था, वह जोर से हंसने लगा! पास में पड़े हुए घंटे को उठाकर वह बजाने लगा और गांव की तरफ भागने लगा!

युधिष्ठिर ने पूछा, क्या हुआ है तुझे, पागल हो गया?


भीम के कहा, पागल नहीं हुआ हूं। यह जानकर बहुत खुश हुआ हूं कि मेरे भाई ने कल कुछ करने का वायदा किया है। जाऊं गांव में खबर कर आऊं कि मेरे भाई ने समय को जीत लिया है, क्योंकि मैंने आज तक सुना नहीं है कि कल कोई भी कुछ कर सका हो। तुमने कहा है, कल देंगे! जाऊं खबर कर आऊं गांव में, क्योंकि इतिहास में ऐसी घटना नहीं घटी है। 


बहुत मजे की बात है। कल तो कुछ भी नहीं किया जा सकता। जो भी किया जा सकता है--अभी और यहां; आज, इसी क्षण।

जिस कल की हम बात करते हैं, वह कल्पना के अतिरिक्त और कहीं भी नहीं रहेगा। वह कभी नहीं रहेगा। कल कभी नहीं आता। जो आता है, वह आज है, अभी है।

लेकिन हमारा मन जीता है कल में! जो अभी हो सकता है, उसे कल पर छोड़ते हैं! और कल कभी नहीं होगा। फिर यह कल की लंबी धारा, आने वाले कलों की लंबी कल्पना मन पर बैठती चली जाती है, मन को खींचती चली जाती है। इसका बोझ बहुत ज्यादा है, वह हमें पता नहीं! हमें उन्हीं बोझों का पता चलता है, जिनके हम आदी नहीं होते। और भविष्य के बोझ के हम पैदा होने के क्षण के साथ आदी हो जाते हैं! वह हमें पता नहीं चलता!


गागरिन जब पहली दफा अंतरिक्ष में गया तो उसने लिखा कि पहली बार मुझे पता चला कि पृथ्वी पर कितना बोझ था! लेकिन हमें कुछ पता नहीं चलता!

गागरिन जब लौटकर पृथ्वी पर आया तो लोगों ने उससे पूछा कि सबसे नया अनुभव क्या हुआ?

उसने कहा, सबसे नया अनुभव हुआ गुरुत्वाकर्षण से मुक्त हो जाने का। शरीर निर्भार हो गया! समझ में नहीं पड़ा कि यही मेरा शरीर है! और यह भी समझ में नहीं पड़ा कि इतना बोझ इस शरीर पर पृथ्वी पर था, इतना खिंचाव इस शरीर पर था! शरीर हल्का रुई की तरह हो गया--जैसे शरीर है ही नहीं, ऐसा अनुभव हुआ! हवा में जैसे ऊपर तैरने लगा शरीर। यान की छत से लग गया जाकर। कोई वजन नहीं रहा। हाथ उठायें तो मालूम नहीं पड़े कि उठाया कि नहीं उठाया। सारा शरीर निर्भार हो गया!

लेकिन हमारे शरीर पर कितना बोझ है, वह हमें पता नहीं चलता, क्योंकि जमीन पर ही हम पैदा होते हैं, जमीन पर ही हम बड़े होते हैं, जमीन पर ही मर जाते हैं। वह जिसको हम शरीर का वजन कहते हैं, शरीर का वजन नहीं है। अगर दो सौ पौंड शरीर का वजन है तो शरीर का कोई वजन नहीं होता। वह जमीन खींच रही है इतनी ताकत से कि शरीर पर दो सौ पौंड का भार पड़ रहा है। लेकिन हम उसमें जीते हैं। हमें इसका कोई पता नहीं है, क्योंकि हम उसमें ही जन्मते हैं, उसमें ही आदत बन जाती है।

ऐसे ही भविष्य का--न मालूम और कितना बड़ा बोझ है, कितनी कशिश है। जमीन से भी ज्यादा, लेकिन हमें पता नहीं चलता! हम बचपन से ही कल में जीते हैं--आगे! आगे और आगे!


 नेति नेति (सत्य की खोज)

ओशो 

भगवान का साक्षात्कार



टाल्सटाय का नाम सुना होगा आपने। गांधी जी अपने गुरुओं में एक टाल्सटाय की गिनती भी करते थे। वह बहुत अनूठा आदमी था। कवि हृदय, कल्पनाशील। एक रात उसे मास्को के एक ब्रिज के ऊपर, पुल के ऊपर पकड़ा गया। आधी रात, अंधेरे में खड़ा था पुल के ऊपर। पुलिसवाला जो वहां पहरे पर था, उसने पूछा कि महाशय ऐसे कैसे खड़े हैं यहां?

वह ब्रिज ऐसा था कि वहां अक्सर लोग आत्महत्या करते थे। तो एक सिपाही तैनात था इसीलिए कि वहां कोई आत्महत्या न कर सके। तो रात दो बजे टाल्सटाय को वहां देख कर उस सिपाही ने पकड़ा और कहा, आप यहां कैसे आए?


टाल्सटाय की आंखों से आंसू बह रहे हैं। टाल्सटाय ने कहा कि अब तुम देर करके आए, जिसे आत्महत्या करनी थी उसने कर ली है। मैं तो सिर्फ उसके लिए खड़ा होकर रो रहा हूं। वह सिपाही तो घबड़ा गया, वह था डयूटी पर तैनात। कौन गिर गया? कब गिर गया? उसने टाल्सटाय से पूछा। लेकिन टाल्सटाय रोए चला जा रहा है। वह टाल्सटाय को पकड़ कर थाने ले गया कि पूरी रिपोर्ट आप लिखवा दें--कौन था? क्या था? रास्ते में टाल्सटाय से उसने पूछा, कौन था? तो टाल्सटाय ने कहा, एक स्त्री थी। नाम बताया, उसकी मां का नाम, उसके पिता का नाम, सब जरूरी सब बताया।


थाने में पहुंचा। थाने में जो इंसपेक्टर था वह पहचानता था। उसने कहा, टाल्सटाय को ले आए! और टाल्सटाय शाही घराने के लोगों में से एक था। उसने टाल्सटाय को पूछा कि क्या कहते हैं आप, कौन मर गया?


थाने में पहुंच कर होश आकर टाल्सटाय ने कहा, क्षमा करना, भूल हो गई। मैं एक उपन्यास लिख रहा हूं। उस उपन्यास में एक पात्रा है। वह पात्रा, आज की रात कहानी वहां पहुंचती है कि वह जाकर वोल्गा में कूद कर आत्महत्या कर लेती है। मैं भूल गया, किताब बंद करके मैं वहां पहुंच गया जहां कहानी में वह आत्महत्या करती है। मैं वहीं खड़ा उसके लिए रोता था कि इस आदमी ने पकड़ लिया।


पर वह सिपाही कहने लगा, तुमने कहा उसके पिता का नाम, मां का नाम।


उसने कहा, वह सब ठीक है, कहानी में वही उसके पिता का नाम है, वही उसकी मां का नाम है।


लेकिन वे सब कहने लगे कि आप आदमी कैसे हैं, आप इतना धोखा खा गए?


टाल्सटाय ने कहा, बहुत बार ऐसा हो चुका है। कल्पना के चित्र इतने सजीव मालूम पड़ते हैं मुझे कि मैं कई बार भूल जाता हूं। बल्कि सच तो यह है कि असली आदमी इतने सजीव नहीं मालूम पड़ते, जितनी मेरी कल्पना के।


टाल्सटाय ने अपना पैर बताया, जिसमें बड़ी चोट थी, निशान था। और उसने कहा कि एक बार मैं लाइब्रेरी की सीढ़ियां चढ़ रहा था। और मेरे साथ एक स्त्री चढ़ रही थी। वह भी मेरी पात्र थी किसी कहानी की, थी नहीं। लेकिन वह उससे बातचीत करता हुआ ऊपर चढ़ रहा था। संकरी जगह थी, और ऊपर से एक सज्जन उतर रहे थे। मैंने सोचा कहीं स्त्री को धक्का न लग जाए, तो मैं बचा। बचने की कोशिश में उन सीढ़ियों से नीचे गिर गया। जब सीढ़ियों से नीचे गिर गया, उन सज्जन ने मुझसे आकर कहा, पागल हो गए हो? क्यों बचे तुम? दो के लायक काफी जगह थी!

टाल्सटाय ने कहा, वह तो अब मुझे भी समझ में आ गया कि दो थे, पैर टूटने से बुद्धि आई। लेकिन जब तक मैं चढ़ रहा था, मुझे खयाल था हम तीन हैं, एक औरत मेरे साथ है। और उसको धक्का न लग जाए, इसलिए मैंने बचने की कोशिश की।

अब ऐसे व्यक्तियों को भगवान का साक्षात्कार करना कितना सरल हो सकता है। कवि हृदय चाहिए, कल्पनाशील मन चाहिए। और फिर ऐसी तरकीबें हैं कि कल्पनाशील मन को और कल्पनाशील बनाया जा सकता है। जैसे उपवास करके! अगर लंबा उपवास किया जाए, तो मन और भी कल्पना-प्रवीण, इमेजिनेटिव हो जाता है। कभी आपको अगर बुखार में लंघन करनी पड़ी हो तो आपको पता होगा कि अगर लंबी लंघन करनी पड़ी हो, भूखा रहना पड़ा हो बुखार में, कमजोरी बढ़ गई हो, भूख से रहना पड़ा हो--तो कभी खाट आकाश में उड़ती हुई मालूम पड़ेगी, कभी देवी-देवता दिखेंगे, कभी भूत-प्रेत, वे सब साथ दिखाई पड़ेंगे।

वह कमजोर चित्त को बहुत आसान है। इसीलिए लोग लंबे उपवास करके चित्त को कमजोर करते हैं कि जो भी कल्पना करना चाहें वे कर सकें। लंबे उपवासों के द्वारा और कुछ भी नहीं होता, सिवाय इसके कि चित्त कमजोर होता है। और कमजोर चित्त तर्क करने में असमर्थ हो जाता है। कमजोर चित्त जांचने में कमजोर हो जाता है कि क्या सही है, क्या झूठ है। कमजोर चित्त सपना देखने में सरल हो जाता है। और फिर जो भी आपकी कल्पना हो वह देखा जा सकता है। 

तृषा गयी एक बूँद से 

ओशो 


एक मित्र ने पूछा है कि क्या मैंने कभी परमात्मा को देखा है?





परमात्मा के संबंध में हम इस भांति सोचते हैं, जैसे उसे भी देखा जा सकता हो। जो देखा जा सकता है, वह संसार ही रहेगा। परमात्मा कभी भी देखा नहीं जा सकता; जो देख रहा है वह परमात्मा है।

इस बात को थोड़ा समझ लेना जरूरी है।

जो भी दिखाई पड़ता है उसका नाम ही संसार है और जिसको दिखाई पड़ता है उसका नाम परमात्मा है। इसलिए परमात्मा कभी दिखाई नहीं पड़ सकता है।


लेकिन कोई कहता है कि मैंने परमात्मा को देखा। बड़ी भूल कर रहा है। एक तो परमात्मा दिखाई नहीं पड़ सकता, वह खुद परमात्मा है जिसको दिखाई पड़ता है। दूसरी बात, जहां परमात्मा का अनुभव होता है--दिखाई तो वह पड़ता नहीं, क्योंकि मैं वही हूं, आप वही हैं--लेकिन जब इस स्वयं का अनुभव होता है, तब मैं भी वहां शेष नहीं रह जाता है, वहां मैं भी गिर जाता है।


तो जो कहता है, मैंने परमात्मा को देखा, वह दोहरी भूल कर रहा है। एक तो वह यह कहता है कि परमात्मा कोई चीज है मुझसे अलग, जो दिखाई पड़ गई। यह झूठ है। दूसरी भूल वह यह कर रहा है कि वह कह रहा है, मैंने देखा। मैं तो बचता नहीं वहां, जहां परमात्मा का अनुभव होता है। इसलिए इससे ज्यादा असत्य कोई बात नहीं हो सकती कि कोई कहे, मैं परमात्मा को देखा हूं।


लेकिन राम और कृष्ण देखे जा सकते हैं, बुद्ध और महावीर देखे जा सकते हैं। सच में ही बुद्ध और महावीर नहीं देखे जाएंगे, न राम और कृष्ण। लेकिन मनुष्य की कल्पना बहुत समर्थ है। कल्पना इतनी समर्थ है कि जो नहीं है, वह भी देखा जा सकता है। अगर कोई ठीक से कल्पना करे, तो प्रतीतियां हो सकती हैं स्वप्नवत, और उसी को लोग ईश्वर का साक्षात्कार समझ लेते हैं।


अगर कोई निरंतर धारणा करे, निरंतर कामना करे, निरंतर कल्पना करे, निरंतर पुकारे और चिल्लाए और रोए, और चौबीस घंटा स्मरण करे--कृष्ण का, कृष्ण का, कृष्ण का, तो चित्त में एक छवि बननी शुरू हो जाएगी। उस छवि को इतना प्रगाढ़ रूप मिल सकता है कि वह छवि बाहर भी दिखाई पड़ने लगे। वह प्रोजेक्शन होगा, वह प्रक्षेपण होगा। वहां कोई होगा नहीं, लेकिन दिखाई पड़ सकता है। और अगर किसी के पास कवि का हृदय हो, तब तो बहुत आसान है।

तृषा गयी एक बूँद से 

ओशो 


अपने करने से मुक्त नहीं होता है; उसकी अनुकंपा से मुक्त होता है



कहानी है कि गजेंद्र (गज, हाथी) फंस गया है, एक मगर के पाश में; मगर ने उसका पैर पकड़ लिया है; और उसने प्रभु का स्मरण किया और वह छूट गया। फीद कद हुआ था मुरीद कहु किसका? और मैं पूछता हूं तुमसे कि यह जो हाथी था, यह किसका शिष्य था? यह मुरीद कब हुआ था? इसने किससे शिष्यत्व ग्रहण किया? किससे मंत्र लिया; किसके साथ साधना की; कौन इसका गुरु था? इनके हिसाब-किताब कहां है?


इतनी चर्चा सुनते हैं--न्याय--न्याय--न्याय--और कर्म का सिद्धांत; सच्चाई कुछ और दिखाई पड़ती है!


मलूक कह रहे हैं: गीध कब ज्ञान की किताब का किनारा दुआ! और वह जटायु! उसने कभी कोई किताब पढ़ी थी, कोई वेद पढ़ा था? गीध कद ज्ञान की किताब का किनारा छुआ? किताब की तो दूर--किताब का किनारा भी उसने कभी दुआ नहीं था। कौन सा ज्ञान था उसे, जिसके सहारे वह मुक्त हो गया?


ब्याधि और बधिक तारा, क्या निसाफ तिसका? इस सब का इंसाफ कहां है? मैं तुमसे यह पूछता हूं, मलूक कहते, कि इस सब में कहां इंसाफ है?


लोग अपने कर्मों के कारण शुभ को पा रहे हैं, अशुभ को पा रहे हैं, यह बात गलत है। ये नाम--बाल्मीकि का, और गजेंद्र का, और जटायु का--मलूकदास उठा रहे हैं इसलिए, ताकि यह बात साफ हो सके कि कोई अपने करने से मुक्त नहीं होता है; उसकी अनुकंपा से मुक्त होता है।


कन थोरे कांकर घने (संत मलूकदास)

ओशो 


Popular Posts