Osho Whatsapp Group

To Join Osho Hindi / English Message Group in Whatsapp, Please message on +917069879449 (Whatsapp) #Osho Or follow this link http...

Friday, March 1, 2019

साधु सत्संग अकारण है


रामकृष्ण के साथ ऐसी एक घटना है कि विवेकानंद के घर पर बहुत तकलीफ थी, पिता मर गए तो बहुत कर्ज छोड़ कर मर गए थे। और घर में ऐसी हालत थी कि एक ही बार का खाना होता, और वह भी इतना होता कि या तो मां खा ले या विवेकानंद खा ले। तो मां को वे यह कह कर गांव में चले जाते कि किसी मित्र ने आज निमंत्रण भेजा है, तो मैं वहां खाना खाने जा रहा हूं। सड़कों के चक्कर लगा कर लौट आते; न तो कोई निमंत्रण था, न किसी मित्र ने बुलाया था। लेकिन मां भोजन कर ले, अन्यथा वह उनको खिला देती और खुद भूखी रह जाती।

रामकृष्ण को पता लगा कि वे कई दिन से भूखे हैं, तो उन्होंने कहाः तू कैसा पागल! तू जाकर मंदिर में परमात्मा से क्यों नहीं मांग लेता। तू भीतर जा, मैं बाहर बैठा हूं। उन्हें जबरदस्ती भीतर भेज दिया। घंटे भर बाद वे लौटे, बड़े आनंद से भरे हुए थे। तो रामकृष्ण ने कहा कि मांग लिया? मिल गया?

तो विवेकानंद ने कहाः कौन सी चीज?

तो रामकृष्ण ने कहाः मैंने तुझे भेजा था कि अपनी मुसीबत के लिए प्रार्थना कर लेना।

 
तो विवेकानंद ने कहाः मैं तो भूल गया। परमात्मा के सान्निध्य में पेट कोई याद रख पाता, तो परमात्मा से सान्निध्य नहीं बन सकता। मैं तो भूल गया। यह दो-चार दिन हुआ। फिर तो रामकृष्ण बहुत नाराज हुए और उन्होंने कहाः तू आदमी पागल तो नहीं है!

पर विवेकानंद ने कहा कि जैसे ही मैं मंदिर के भीतर जाता हूं, जैसे ही उनका सान्निध्य मुझे मिलता है, वैसे ही न मैं रह जाता, न मेरा पेट रह जाता, न मेरी भूख रह जाती, न मेरी कोई मांग रह जाती। तो मैं देकर लौट आता हूं, मांग नहीं पाता। विवेकानंद ने कहा कि मैं अपने को देकर लौट आता हूं, मांग नहीं पाता हूं।

साधु सत्संग अकारण है। वह ऐसे ही जैसे आप एक फूल के सौंदर्य को देखने के लिए रुक गए, नहीं कुछ मिलेगा। ऐसे ही है जैसे चांद-तारे रात को निकलें और आपने आंख उठा कर देख लिया, नहीं कुछ मिलेगा। ऐसे ही मनुष्य के भीतर भी जो फूल खिलते उनका नाम साधु है। इनके पास आप अगर कारण से गए, अगर फूल के पास कोई कारण से गया कि बाजार में बेच लूंगा या भगवान को चढ़ा दूंगा, तो भी फूल का जो सौंदर्य-संबंध है, फूल से जो संबंध है वह पैदा होने वाला नहीं। क्योंकि वह तो निपट काव्य का संबंध है, जहां कोई लाभ नहीं है, कोई लोभ नहीं है।

तो वह तो आप ठीक ही कहते हैं कि अगर कोई बीमारी ठीक करवाने जा रहा हो, कोई धन पाने जा रहा हो, कोई चुनाव जीतने जा रहा हो, ये सारे कारणों से जा रहा है तो वह तो पागल है ही, वह गलत जगह तो जा ही रहा है। न, मैं तो यह कह रहा हूं कि अगर वह किसी भी कारण से जा रहा, मोक्ष पाने भी जा रहा है, परमात्मा को भी पाने जा रहा है, तो भी गलत जा रहा है। क्योंकि कारण से गया हुआ आदमी साधु के पास नहीं पहुंचता। साधु की जगह वैसी जगह है जहां हम अकारण जाते हैं।

उपासना के क्षण 

ओशो

भिन्न दृष्टि



एक रात एक जंगल में दो साधु निकलते थे। वृद्ध साधु, जैसे ही सांझ ढलने लगी और सूरज ढलने लगा, अपने युवा साथी से पूछा, कोई खतरा तो नहीं है इस जंगल में? कोई डर तो नहीं है? वह युवा संन्यासी हैरान हुआ। आज तक ऐसी बात उसके वृद्ध गुरु ने कभी न पूछी थी। अंधेरे से अंधेरे, बीहड़ से बीहड़, निबिड़ से निबिड़ जंगलों में से वे निकले थे, लेकिन कभी उसने न पूछा था कि कोई भय तो नहीं, कोई फियर तो नहीं, कोई डर तो नहीं। संन्यासी को डर कैसा? वह थोड़ा चिंतित हुआ। आज यह बात क्यों उठ आई है मन में? क्या हो गया है आज? कुछ गड़बड़ जरूर है। कोई फर्क जरूर है।
थोड़ी देर बाद वे एक कुएं के पास रुके हाथ-मुंह धो लेने को। सूरज ढल गया था। वृद्ध ने अपनी झोली युवा को दी और कहाः जरा सम्हाल कर रखना, मैं हाथ-मुंह धो लूं। तब उस युवक को खयाल आया, झोली में जरूर कुछ होना चाहिए। शायद कुछ है झोली में, उसी का भय है। उसने झोली में हाथ डाला, देखा, एक सोने की ईंट। उसने उस ईंट को तो फेंक दिया जंगल के रास्ते के किनारे, उतने ही वजन का एक पत्थर झोली के भीतर रख दिया।

फिर यात्रा फिर शुरू हो गई। गुरु आ गया और उसने जल्दी से अपनी झोली ले ली और वे फिर चलने लगे। थोड़ी ही देर बाद फिर गुरु ने कहाः जंगल में कोई डर तो नहीं है? रात घनी होती जाती है। रास्ता तुम्हारा परिचित है, भटक तो न जाएंगे? जल्दी ही गांव आ जाएगा या नहीं? जल्दी ही गांव आ जाएगा या नहीं? उस युवक ने कहाः भयभीत न हों, अब कोई भय नहीं, मैं भय को पीछे फेंक आया हूं। उसने घबड़ा कर झोली में हाथ डाला, वहां तो एक पत्थर का टुकड़ा रखा था। वह वृद्ध हंसने लगा और उसने कहाः कितने आश्चर्य की बात है, मुझे खयाल था कि सोने की ईंट ही रखी है, तो मैं सम्हाले चला जा रहा था, बार-बार टटोल कर देख लेता था। मुझे क्या पता है कि भीतर पत्थर है?


पत्थर उसने फेंक दिया और वह बोला कि अब चलने की कोई जरूरत नहीं है, अब यहीं सो जाएं। अब गांव फिर सुबह उठ कर चलेंगे। उस ईंट में अर्थ था तो मन वहां बंधा था। अब ईंट पत्थर हो गई तो रात वहीं सो गए वे। फिर कोई भय न था, फिर कोई चिंता न थी, फिर कोई विचार न था। फिर वह झोला एक तरफ पड़ा रहा और वह पत्थर भी एक तरफ पड़ा रहा।


जहां हमारा अर्थ है, चाहे उसमें अर्थ हो या न हो, जहां हमें अर्थ का बोध है, जहां हमारे चित्त को लगता है कि वहां अर्थ है, वहां हम बंधे रह जाते हैं। बाहर, बाहर जो जगत है उसमें लगता है अर्थ है, इसलिए बंधन है।


 बाहर का जगत नहीं बांधता है किसी को--वह घर नहीं बांधता जिसमें आप रहते हैं, वह पत्नी और बच्चे नहीं बांधते जो आपके पास हैं। कोई नहीं बांधता आपको। आपके अर्थ का बोध बांधता है। आपको लगता है कि वहां अर्थ है, तो चित्त बंध जाता है, अटक जाता है, उलझ जाता है।

 
फिर कुछ नासमझ हैं कि इस बाहर के जगत को छोड़ कर भागते हैं--पत्नी को छोड़ कर, बच्चे को छोड़ कर, घर-द्वार छोड़ कर जंगल की तरफ भागते हैं। जो भागता है वह भी मानता है कि अर्थ वहां था। नहीं तो भागने का कोई कारण नहीं।



जिसके पीछे हम भागते हैं उसमें भी अर्थ है और जिससे हम भागते हैं उसमें भी अर्थ है। अगर अर्थ न हो तो उससे भागने का कोई कारण भी तो नहीं। दो तरह के लोग हैं जमीन पर। एक तो वे जो बाहर की चीजों के पीछे भागते हैं और एक वे जो बाहर की चीजों से डर कर भागते हैं। लेकिन दोनों एक बात में सहमत हैं कि बाहर की चीज में अर्थ है।


ये दोनों ही व्यक्ति धार्मिक नहीं हैं। यह गृहस्थ धार्मिक नहीं जो घर में रह रहा है और वह संन्यासी धार्मिक नहीं जो घर छोड़ कर भागता है। इन दोनों का जहां तक इस बात का संबंध है कि बाहर अर्थ है, ये दोनों सहमत और राजी हैं। यह एक ही आदमी की दो शक्लें हैं। यह एक ही आदमी के दो पहलू हैं। यह एक ही दृष्टि के दो रूप हैं। यह भिन्न दृष्टि नहीं है।
 

भिन्न दृष्टि तो उसकी है जिसे बाहर अर्थ दिखाई पड़ना बंद हो जाता है। तो न तो वह बाहर की चीजों के पीछे भागता है और न उनसे डर कर भागता है। उसका भागना, उसका दौड़ना बंद हो जाता है। न तो वह धन के पीछे भागता है और न धन को छोड़ कर भागता है।

अज्ञात की और 

ओशो

सजगता


बुद्ध ने कहा है कि जब आप चलें, तो सजगता से चलें। जब आप श्वास लें, तो होशपूर्वक श्वास लें। बौद्धों की जो पद्धति है वह है-अनापानासती योग-बाहर आती और भीतर जाती श्वास का योग, बाहर आती, भीतर जाती श्वास के प्रति सजगता। श्वास भीतर आती है, तो श्वास के साथ भीतर चले जाए। जानें, होश रखें, कि श्वास भीतर आ रही है। जब श्वास बाहर जा रही है, तो उसके साथ बाहर चले आए। भीतर आए, बाहर आए श्वास के साथ।

क्रोध मुश्किल है, काम भी मुश्किल है, श्वास इतनी कठिन नहीं है। श्वास के साथ-साथ चलें। एक भी श्वास बिना होश रखे भीतर या बाहर नहीं आने या जाने दें। यही ध्यान है। अब आप का ध्यान श्वास केंद्रित होगा, और जब आपका ध्यान श्वास पर केंद्रित होगा, तो विचार अपने आप रुक जाएंगे। अब आप विचार नहीं कर सकते, क्योंकि जैसे ही आप विचार करते हैं आपकी चेतना श्वास पर से विचार पर चली जाती है। आप श्वास को चूक जाएंगे।

इसका प्रयत्न करें, और आपको मालूम पड़ जाएगा। जब आप श्वास के प्रति सजग हैं, तो विचार रुक जाएंगे। वही ऊर्जा जो कि विचार के उपयोग में आ रही थी, अब श्वास के प्रति जागने के काम आ रही है। यदि आप विचार करना शुरू करें, तो आप श्वास की राह चूक जाएंगे। आप भूल जाएंगे, और आप सोचने लग जाएंगे। आप दोनों काम एक साथ नहीं कर सकते।

यदि आप श्वास का अनुगमन कर रहे हैं, तो यह एक लंबी प्रक्रिया है। किसी को भी इसमें बहुत गहरे जाना पड़ेगा। इसमें किसी को कम से कम तीन महीने लगेंगे, और यादा से यादा तीन वर्ष, यदि इसे कोई चौबीस घंटे करे। यह पद्धति भिक्षुओं के लिए है-उसके लिए जिन्होंने कि सब कुछ छोड़ दिया है। केवल वही चौबीस घंटे अपनी श्वास पर ध्यान कर सकते हैं। इसीलिए बौद्ध भिक्षु और भिक्षुओं की दूसरी परंपराओं ने अपने निर्वाह को कम से कम पर आधारित कर लिया, ताकि कोईप्रकार की अड़चन न आए। वे भोजन के लिए भिक्षा मांग लेते हैं और पेड़ के नीचे सो जाते हैं, बस, इतना काफी है। उसका सारा समय सजगता के आंतरिक अभ्यास के लिए हैं, जैसे कि श्वास पर ध्यान।


एक बौद्ध भिक्षु घूमता है। उसे अपनी श्वास के प्रति सतत ध्यान रखना पड़ता है। बौद्ध भिक्षुओं के चेहरे पर जो शांति आप देखते हैं, वह कुछ और नहीं बल्कि श्वास पर ध्यान करने की शांति है। यदि आप भी सजग हो जाएं, तो आपका चेहरा भी शांति प्रकट करेगा, क्योंकि यदि विचार नहीं है, तो आपको चेहरा चिंता, विचार नहींप्रकट कर सकता। आपका चेहरा विश्राम को उपलब्ध हो जाता है। सतत श्वास के प्रति सजगता मन को बिल्कुल ही रोक देगी। वह जो लगातार चिंता में पड़ा मन था, वह रुक जाएगा। और जब मन जाता है और सांप सिर्फ श्वास के प्रति सजग हैं, यदि मन काम नहीं कर रहा है, तो आप क्रोधित नहीं हो सकते, आप कामवासना में नहीं पड़ सकते।


काम या क्रोध या लोभ या ईर्ष्या या जलन कोई भी चीज हो, उसे मन की यांत्रिकता की आवश्यकता होती है। और यदि यांत्रिकता रुक जाती है, तो आप कुछ भी नहीं कर सकते। यह फिर उसी बात पर ले जाते है। अब जो ऊर्जा काम में, क्रोध में, या लोभ में, महत्वाकांक्षा में काम में आती है, उसे कोई रास्ता नहीं मिलता। और आप लगातार श्वास पर ध्यान कर रहे हैं, रात और दिन। बुद्ध ने कहा है-नींद में भी, श्वास के प्रति सजग रहने की कोशिश करो। यह शुरू में कठिन होगा, परंतु यदि आप दिन में होश रख सकें, तोधीरे-धीरे यह आपकी नींद में भी प्रवेश कर जाएगा।


कोई भी चीज नींद में भी प्रवेश कर जाती है, यदि वह दिन के समय आपके मन में गहरे चली गई हो। यदि दिन में आप किसी चीज के प्रति चिंतित रहे हैं, तो यह आपको नींद में भी प्रवेश कर जाती है। यदि आप लगातार सेक्स के बारे में सोचते रहते हैं, तो वह आपकी नींद में प्रवेश कर जाता है। यदि आप सारे दिन क्रोध में रहते हैं, तो क्रोध आपकी नींद में प्रवेश कर जाता है। इसलिए बुद्ध कहते हैं कि कोई कठिनाई नहीं है। यदि कोई आदमी लगातार श्वास पर ध्यान करता रहे, और श्वास के प्रति सजग रहे, तो अतः वह भी नींद में प्रवेश कर जाता है। आप तब स्वप्न नहीं देख सकते। यदि भीतर आती और बाहर जाती श्वास के प्रति आपकी सजगता है, तो नींद में आप स्वप्न नहीं देख सकते।

आत्मपूजा उपनिषद 

ओशो

अचेतन की गहरी परतों में प्रवेश करना व उन्हें केवल सजगता के द्वारा रूपांतरित करना कठिन है, और पर्याप्त भी नहीं है, इसलिए सजगता के अलावा और क्या अभ्यास करें? कृपया इसके बारे में इसके प्रायोगिक आयाम को अधिक ध्यान में रखते हुए समझाए।


अचेतन को रूपांतरित केवल सजगता से ही किया जा सकता है। यह कठिन है, किंतु दूसरा कोई मार्ग नहीं है। सजग होने के लिए कितनी ही विधियां हैं। परंतु सजगता अनिवार्य है। आप विधियां का उपयोग जागरण के लिए कर सकते हैं; किंतु आपको जागना तो पड़ेगा ही।

 
यदि कोई पूछता है कि क्या कोई विधि है अंधकार को मिटाने की सिवा प्रकाश के, तो वह चाहे कितना ही कठिन हो, किंतु वही एकमात्र उपाय है, क्योंकि अंधकार केवल अभाव है, प्रकाश का। इसलिए आपकोप्रकाश का उपस्थित करना होगा और तब अंधकार वहां नहीं होगा।
 

अचेतना, मूर्च्छा-कुछ और नहीं है बल्कि चेतना का अभाव है। वह अपने में कोई विधायक वस्तु नहीं है, इसलिए आप कुछ और नहीं कर सकते सिवाय जागने के। यदि मूर्च्छा अपने ही आप में कुछ होती, तो फिर बात ही दूसरी होती। परंतु वह अपने आप में कुछ भी नहीं है। अचेतना-मूर्च्छा-इसका मतलब कुछ विधायक होना नहीं होता। इसका मतलब है सिर्फ चैतन्य का अभाव। यह सिर्फ अभाव है। इसकी अपनी कोई सत्ता नहीं है। इसका अपना कोई अस्तित्व नहीं है। अचेतन शब्द केवल चैतन्य का अभाव दर्शाता है, इससे अधिक कुछ भी नहीं। जब हम कहते हैं-अंधकार, तो यह शब्द एक गलतफहमी की ओर ले जाता है, क्योंकि जैसी ही हम कहते हैं, अंधकार तो ऐसा प्रतीत होता है कि अंधकार कुछ ऐसी चीज है जो कि है। वस्तुतः वह है नहीं। इसलिए सीधे अंधकार के साथ आप कुछ भी नहीं कर सकते। कैसे कर सकते हैं आप?


आपने चाहे इस तथ्य को कभी न देखा हो, परंतु अंधकार के साथ सीधे आप कुछ भी नहीं कर सकते। जो कुछ भी आप अंधकार के साथ करना चाहते हैं, उसके लिए आपकी प्रकाश के ही साथ कुछ करना पड़ेगा, न कि अंधकार के साथ। यदि आप चाहते हैं कि अंधेरा हो जाए, तोप्रकाश बुझा दें। यदि आप अंधकार को नहीं चाहते, तोप्रकाश जला दें। परंतु सीधे अंधकार के साथ आप कुछ भी नहीं कर सकते। आपकोप्रकाश के मार्फत ही कुछ करना पड़ेगा।


क्यों? आप सीधे कुछ नहीं कर सकते? आप सीधे कुछ नहीं कर सकते, क्योंकि अंधकार जैसी कोई चीज है ही नहीं, इसलिए प्रत्यक्ष आप उसे नहीं छू सकते। आपको कुछ प्रकाश के साथ ही करना पड़ेगा। और तब अंधकार के साथ भी कुछ किया जा सकेगा।


यदिप्रकाश है, तो अंधेरा नहीं है। यदि प्रकाश नहीं है, तो अंधेरा है। आप इस कमरे में प्रकाश ला सकते हैं, किंतु आप अंधेरा नहीं ला सकते। आप यहां से प्रकाश ले जा सकते हैं, अंधेरा नहीं। आप में और अंधकार में कोई संबंध नहीं है। क्यों? यदि अंधकार हो तभी न आदमी उससे संबंधित हो सकता है? परंतु अंधेरा तो है ही नहीं।


भाषा से यह भ्रम पैदा होता है, कि अंधकार जैसी कोई वस्तु है। अंधकार एक नकारात्मक शब्द है। वह इतना ही बतलाता है कि प्रकाश नहीं है, इससे यादा कुछ नहीं; और वही बात के अलावा और क्या करें, तो आप एक असंगत प्रश्न पूछते हैं। आपको सजग होना पड़ेगा, आप इसके अलावा कुछ और नहीं कर सकते।


सचमुच, बहुत सी विधियां हैं, सजग होने के लिए; यह एक दूसरी बात है। प्रकाश को पैदा करने की कितनी ही विधियां हैं, परंतु प्रकाश को ही पैदा करना पड़ेगा। आप आग जला सकते हैं और अंधकार नहीं होगा; आप एक मिट्टी के तेल का दिया जला सकते हैं। और तब भी कोई अंधकार नहीं होगा। और बिजली का उपयोग कर सकते हैं और तब भी कोई अंधेरा नहीं होगा। परंतु कुछ भी किया जाए, कोई भी विधिप्रकाश को उत्पन्न करने की काम में लाई जाए पैदा प्रकाश ही करना होगा।

आत्मपूजा उपनिषद 

ओशो

ओमकार




यह सुबह, यह वृक्षों में शांति, पक्षियों की चहचहाहट... या कि हवाओं का वृक्षों से गुजरना, पहाड़ों का सन्नाटा... या कि नदियां का पहाड़ों से उतरना... या सागरों में लहरों की हलचल, नाद... या आकाश में बादलों की गड़गड़ाहट—यह सभी ओमकार है।


ओमकार का अर्थ है : सार—ध्वनि; समस्त ध्वनियों का सार। ओमकार कोई मंत्र नहीं, सभी छंदों में छिपी हुई आत्मा का नाम है। जहां भी गीत है, वहां ओमकार है। जहां भी वाणी है, वहां ओमकार है। जहां भी ध्वनि है, वहां ओमकार है।

और यह सारा जगत ध्वनियों से भरा है। इस जगत की उत्पत्ति ध्वनि में है। इस जगत का जीवन ध्वनि में है; और इस जगत का विसर्जन भी ध्वनि में है।
         
ओम से सब पैदा हुआ, ओम में सब जीता, ओम में सब एक दिन लीन हो जाता है। जो प्रारंभ है, वही अंत है। और जो प्रारंभ है और अंत है, वही मध्य भी है। मध्य अन्यथा कैसे होगा!
       
       
इंजील कहती है : प्रारंभ में ईश्वर था और ईश्वर शब्द के साथ था, और ईश्वर शब्द था, और फिर उसी शब्द से सब निष्पन्न हुआ। वह ओमकार की ही चर्चा है।
       
       
मैं बोलूं तो ओमकार है। तुम सुनो तो ओमकार है। हम मौन बैठें तो ओमकार है। जंहा लयबद्धता है, वहीं ओमकार है। सन्नाटे में भी—स्मरण रखना—जंहा कोई नाद नहीं पैदा होता, वहा भी छुपा हुआ नाद है। मौन का संगीत का संगीत शून्य का संगीत। जब तुम चुप हो, तब भी तो एक गीत झर—झर बहता है। जब वाणी निर्मित नहीं होती, तब भी तो सूक्ष्म में छंद बंधता है। अप्रकट है, अव्यक्त है; पर है तो सही। तो शून्य में भी और शब्द में भी ओमकार निमज्जित है।

       
ओमकार ऐसा है जैसे सागर। हम ऐसे हैं जैसे सागर की मछली।

इस ओमकार को समझना। इस ओमकार को ठीक से समझा नहीं गया है। लोग तो समझे कि एक मंत्र है, दोहरा लिया। यह दोहराने की बात नहीं है। यह तो तुम्हारे भीतर जब छंदोबद्धता पैदा हो, तभी तुम समझोगे ओमकार क्या है। हिंदू होने से नहीं समझोगे। वेदपाठी होने से नहीं समझोगे। पूजा का थाल सजाकर ओमकार की रटन करने से नहीं समझोगे। जब तुम्हारे जीवन में उत्सव होगा, तब समझोगे। जब तुम्हारे जीवन में गान फूटेगा, तब समझोगे। जब तुम्हारे भीतर झरने बहेगे, तब समझोगे।

अथातो भक्ति जिज्ञासा 

ओशो



 

Popular Posts