Osho Whatsapp Group

To Join Osho Hindi / English Message Group in Whatsapp, Please message on +917069879449 (Whatsapp) #Osho Or follow this link http...

Thursday, March 16, 2017

जन्मों-जन्मों से हमने दुख का अनुभव जाना है। लेकिन किस कारण हमें हमारी भूल नहीं दिख पाती?





पहली तो बात; जन्मों-जन्मों की बात ही तुमने सुनी है, जानी नहीं, यह तुम्हारा बोध नहीं है कि तुम जन्मों-जन्मों से यहां हो।


और जन्मों की तो तुम बात ही छोड़ो, इस जन्म का भी तुम्हें बोध है? तुम जब पैदा हुए थे, तुम्हें कुछ याद है? कुछ भी तो याद नहीं। वह भी लोग कहते हैं, कि यह तुम्हारी मां है, ये तुम्हारे पिता हैं। तुम फलां-फलां तारीख को फलां-फलां समय पैदा हुए थे। ज्योतिषी सर्टिफिकेट देते हैं, या म्यूनिसिपल कारपोरेशन के रजिस्टर में लिखा है। बाकी तुम्हें कुछ याद है?

तुम नौ महीने इस जन्म में गर्भ में रहे हो, तुम्हें उन नौ महीने की कुछ याद है? तुम पैदा हुए हो उसकी तुम्हें कुछ याद है? पीछे लौटोगे, तो बहुत पीछे गए तो बस, चार साल की उम्र तक जा पाओगे। उसके बाद फिर स्मृति तिरोहित हो जाती है। फिर कुछ याद नहीं आता; फिर सब धुंधला है; फिर अंधकार है। कभी कोई फुटकर एकाध दो याददाश्तें मालूम होतीं हैं, वे भी चार साल की उम्र की आखिरी-उसके बाद फिर अंधेरी रात है। और बात तुम करते हो जन्मों-जन्मों की।

इस जन्म का भी तुम्हें पूरा पता नहीं है। इस जन्म में भी तुम पैदा हुए कि नहीं या यह भी तुम्हारा अनुभव नहीं है। यह भी लोग कहते हैं। यह, भी सुनी-सुनाई बात है। तुम्हारा जन्म भी, तुम्हारे प्रमाण पर नहीं, वह भी लोग-प्रमाण से है। अब और इससे ज्यादा झूठा जीवन क्या होगा'! अपने र्जंन्म का ही पता नहीं। अगर समाज तय कर ले धोखा देने का, तो तुम कभी अपने असली पिता या मां को न खोज पाओगे। और कई बार आदमी, जो पिता नहीं हैं, उसे पिता माने चला जाता है।

मैंने सुना है इक्कीसवीं सदी में सौ वर्ष भविष्य में कंप्यूटर बन चुके। उनसे तुम कुछ भी पूछो वे जवाब दे देते हैं। एक आदमी थोड़ा संदिग्ध है। उसने जाकर कंप्यूटर को पूछा, कि मेरे पिता इस समय क्या कर रहे हैं? तो कंप्यूटर ने कहा, वे समुद्र के तट पर मछलियां मार रहे हैं। वह आदमी हंसने लगा, उसने कहा, सरासर झूठ। मेरे पिता को तो मैं अभी घर बिस्तर पर सोया हुआ छोड़कर आया हूं। कंप्यूटर ने कहा, वह तुम्हारे पिता नहीं हैं, जिनको तुम घर पर छोड़ आए हो। उसने कहा, कि तुम्हारे पिता तो समुद्र के किनारे मछलियां मार रहे हैं।


पिता होने तक का कुछ पक्का भरोसा नहीं है, कि जिनको तुम पिता मानते हो, वे तुम्हारे पिता हैं जिनको तुम मां मानते हो, वह तुम्हारी मां हो। तुम जन्मों-जन्मों की बात कर रहे हो? तुमने सुन लिया। सुन-सुनकर धीरे-धीरे, तुम इतनी बार सुन चुके हो यह बात, कि तुम यह भूल ही गए, कि तुम्हारा यह बोध नहीं है। इस देश में तो जन्मों-जन्मों की बात इतने काल से चल रही है, और तुमने इतनी बार सुनी है, कि तुम्हारे भीतर लकीर खिंच गई है।


ध्यान रखो, जितना अपना बोध हो, उससे आगे मत जाओ; अन्यथा झूठ शुरू हो जाता है। महावीर, बुद्ध कहते हैं, कि और भी जन्म थे क्योंकि उन्हें उन जन्मों की याद आ गई है। तुम मत कहो। तुम अपनी सीमा में रहो, मैं नहीं कहता, कि तुम यह कहो, कि नहीं होते। क्योंकि यह भी सीमा के बाहर जाना होगा। होते हैं, नहीं होते, तुम्हें कुछ पता नहीं है। तुम कृपा करके ठहरो उतने ही तक जहां तक तुम्हें याद है। और चेष्टा करो कि किस भांति याद गहरी हो सके। और कैसे तुम्हें स्मृति की शृंखला का बोध हो सके, कैसे तुम्हारी जीवनधारा प्रकाशित हो सके और तुम पीछे की तरफ जान सको।


सिद्धांतों को चुपचाप स्वीकार कर लेने से कुछ हल नहीं होता, उनसे और उलझनें खड़ी होती हैं। अब तुम पूछते हो, जन्मों-जन्मों से हमने दुख का अनुभव किया है। पहली तो बात जन्मों-जन्मों की झूठ। वह कभी बुद्ध, किसी महावीर को होता है स्मरण। तुम्हें है नहीं स्मरण।


पिव पिव लागी प्यास 

ओशो
 

Friday, March 10, 2017

एक प्रश्न पूछा है कि हठयोग से समाधि लेकर साधना की जाए या राजयोग को लेकर या किसी और को लेकर?



समाधि भी कोई बहुत प्रकार की होती है? कि हठयोग की समाधि कोई अलग होती है और राजयोग की समाधि कोई अलग होती है?

हम तो हर चीज में विभाजन किए हुए हैं और हर चीज में लेबल लगाए हुए हैं। हर चीज में ग्रेडेशन किए हुए हैं। वह दुकान की आदत है न दिमाग में। बाजार की आदत है। वहां हर चीज पर लेबल है। हर चीज का अलग-अलग डिब्बा है। हर चीज का अलग-अलग खांचा है। वही हमारा धर्म के बाबत भी है। वही हमारा हर चीज के बाबत है। हर चीज में हम सोचते हैं कि चीजें अलग-अलग होंगी।


एक बाउल साधु हुआ बंगाल में। वह वैष्णव साधु था। बाउल तो प्रेम की बात करते हैं। वे तो कहते हैं कि प्रेम ही सब कुछ है। वही परमात्मा है। एक बहुत बड़ा पंडित उसके पास गया। उस पंडित ने कहा कि कितने प्रकार का प्रेम होता है मालूम है?

उस बाउल ने कहा, प्रेम और प्रकार! मैंने कभी सुना नहीं। प्रेम तो हम जानते हैं, प्रकार हम नहीं जानते।

तो उसने कहा, कुछ भी नहीं जाना। जीवन तुम्हारा व्यर्थ गया। हमारे शास्त्र में प्रेम पांच प्रकार का लिखा हुआ है। और तुम्हें यह भी पता नहीं है कि कितने प्रकार का प्रेम होता है, तो तुम प्रेम क्या जानोगे!

वह साधु बोला, जब शास्त्र में लिखा है तो ठीक ही लिखा होगा। मैं ही गलत होऊंगा। लेकिन मैं तो प्रेम को ही जानता हूं, प्रकार को नहीं जानता। फिर भी तुम कहते हो तो मैं सुन लूं। तुम्हारे शास्त्र को मुझे सुना दो।

तो उस पंडित ने अपने शास्त्र को खोला और बताया कि कितने प्रकार का प्रेम होता है। सब समझाया। जब वह पूरी बात समझा चुका, तो उसने फकीर से पूछा कि समझे कुछ? क्या प्रभाव पड़ा?

वह बाउल हंसने लगा और उसने कहा, क्या प्रभाव पड़ा? जब तुम शास्त्र को पढ़ने लगे तो मुझे ऐसा लगा, मुझे ऐसा प्रतीत हुआ कि कोई सुनार सोने के कसने के पत्थर को लेकर फूलों की बगिया में आ गया है और फूलों को उस पत्थर पर कस-कस कर देख रहा है कि कौन सा फूल असली, कौन सा फूल नकली। मुझे ऐसा लगा। उसने कहा, पागल! प्रेम के कहीं प्रकार हुए हैं? और जहां प्रकार हैं, वहां कोई प्रेम होगा?

प्रेम तो बस एक है। समाधि भी बस एक है। कोई पच्चीस तरह की समाधि नहीं होती। बीमारियां बहुत तरह की होती हैं, खयाल रखें, स्वास्थ्य एक ही प्रकार का होता है। अशांतियां बहुत प्रकार की होती हैं, शांति एक ही प्रकार की होती है। तो असमाधान बहुत प्रकार के होते हैं, लेकिन समाधि एक ही प्रकार की होती है। लेकिन जो किताबी जिनके दिमाग हैं, वे विभाजन कर लेते हैं। वे विश्लेषण कर देते हैं कि यह इस प्रकार की--यह राजयोग की, यह हठयोग की, यह फलां योग की, यह भक्तियोग की। कोई योग-वोग नहीं है। सिर्फ एक ही योग है। यह सारा का सारा पंडित का विभाजन है, यह कोई साधक की दृष्टि नहीं है। और पंडित को मजा आता है विश्लेषण करने में। अगर शास्त्रों को पढ़िए, तो कैसे बारीक विश्लेषण हैं। हवा में सारी की सारी बातें हैं और उनके खूब विश्लेषण हैं, खूब विभाजन हैं। पर कुछ पागल होते हैं जो विभाजन और विश्लेषण से बहुत प्रभावित होते हैं और समझते हैं कि यह कोई खास बात है।

अमृत की दशा 

ओशो

जीवन सदा वर्तमान में है



मैं एक अपने मित्र को लेकर, एक नाव पर उन्हें बिठा कर पहाड़ियों को दिखाने और नदी की यात्रा को ले गया। वे दूर से बाहर के मुल्कों से घूम कर लौटे थे। बड़े कवि थे। बहुत उन्होंने यात्रा की है। बहुत नदियां, बहुत पहाड़ देखे हैं। बहुत प्रकार के सुंदर स्थानों में वे घूमे हैं। मैं उन्हें घुमाने ले गया। वे मुझसे बोले, वहां क्या होगा? मैं तो बहुत झीलें, बहुत सुंदर पहाड़, बहुत प्रपात देखा हूं। मैंने कहा, फिर भी चलें। क्यों? क्योंकि मेरी मान्यता है कि हर चीज का अपना सौंदर्य है और किसी सौंदर्य की किसी दूसरे सौंदर्य से कोई तुलना नहीं हो सकती। क्योंकि इस जगत में हर चीज अनूठी है और कोई चीज दूसरी चीज जैसी नहीं है। एक छोटा सा कंकड़ का टुकड़ा भी अपने में यूनीक है, बेजोड़ है। आप सारी जमीन खोज लें, तो उस जैसा दूसरा टुकड़ा नहीं मिलेगा। एक छोटा सा फूल भी अपने में बेजोड़ है। वैसा दूसरा फूल पूरी जमीन पर खोजने से नहीं मिलेगा। लेकिन, मैंने उनसे कहा, चलें। जो छोटी सी पहाड़ियां हैं और छोटी सी नदी है, उसको ही देख लें। 



मैं उन्हें लेकर गया। दो घंटे तक हम उन पहाड़ियों में, उस नदी के किनारे पर, नाव में सब तरफ घूमे। वे स्विटजरलैंड की झीलों की बातें करते रहे। कश्मीर की झीलों की बातें करते रहे। मैं सुनता रहा। फिर जब हम वापस लौटे दो घंटे बाद, तो उन्होंने कहा, बड़ी सुंदर जगह थी। मैंने उनके मुंह पर हाथ रख दिया। मैंने कहा, मत कहें। क्योंकि वहां मैं अकेला ही गया था। आप वहां नहीं गए। आप वहां नहीं थे, मैं ही वहां था, आप वहां नहीं थे। बोले, यह क्या आप बात कर रहे हैं? मैं आपके साथ हूं और दो घंटे वहां घूमा। मैंने कहा, आप मेरे साथ दिखाई पड़ते थे। आप मेरे साथ नहीं थे। आपका चित्त स्विटजरलैंड में रहा होगा, कश्मीर में रहा होगा, लेकिन ये जो छोटी सी पहाड़ियां हैं, यह जो छोटी सी नदी है, इसमें नहीं था। आप मौजूद नहीं थे। जो आपके सामने था, वह आपको दिखाई नहीं पड़ रहा था। स्मृति पीछे चल रही थी और स्मृति की फिल्म के कारण, जो मौजूद था, वह छिप गया था। फिर मैंने उनसे कहा, और अब मैं यह भी समझ गया कि स्विटजरलैंड की झीलों के बाबत जो आप कहते हैं, वह भी झूठ होगा। क्योंकि जब आप उन झीलों पर रहे होंगे, तो मन कहीं और रहा होगा। क्योंकि मैं आपके मन की आदत को समझ गया।



यह हमारे सबके मन की आदत है। हम जहां हैं, मन वहां नहीं है। जहां हम नहीं हैं, वहां मन है। इस भांति हम जीवन से वंचित रह जाते हैं। या तो हम अतीत के संबंध में सोचते रहते हैं और या भविष्य के संबंध में सोचते रहते हैं। दोनों ही स्थितियों में, जो मौजूद है, वह हमसे चूक जाता है। उससे हम वंचित हो जाते हैं।


और मैंने कहा, जीवन सदा वर्तमान में है। न तो अतीत में कोई जीवन है और न भविष्य में कोई जीवन है। 

अमृत की दशा 

ओशो 

हम जीवन से परिचित क्यों नहीं हैं?



हम जीवन से इसलिए परिचित नहीं हैं कि जीवन हमेशा वर्तमान में होता है, और हम? हम या तो अतीत में होते हैं या भविष्य में होते हैं। जीवन हमेशा वर्तमान में है। समय के ये तीन खंड हैं--अतीत है, जो बीत गया; भविष्य है, जो अभी नहीं आया; और वर्तमान का छोटा सा क्षण है, जो मौजूद है। वह जो लिविंग प्रेजेंट है, वह जो जीवित वर्तमान का क्षण है, उसमें हम कभी नहीं होते। वह बहुत छोटा सा क्षण है। इसके पहले कि हम होश में आएं, वह अतीत हो जाएगा। लेकिन हमारा चित्त या तो अतीत में होता है, या तो हम पीछे की बातें सोचते रहते हैं, या हम आगे की बातें सोचते रहते हैं। इसलिए उससे वंचित रह जाते हैं, जो है, जो इसी क्षण है। 

अमृत की दशा 

ओशो

सबसे पहले, पूछा है कि धर्मशास्त्र इत्यादि पाखंड हैं, तो वेद-उपनिषद में जो बातें हैं, वे सत्य माननी चाहिए या नहीं?





शास्त्रों में जो है, उसे ही आप कभी नहीं पढ़ते हैं। शास्त्र में जो है, उसे नहीं; आप जो पढ़ सकते हैं, उसे ही पढ़ते हैं।

इसे थोड़ा समझ लेना जरूरी होगा।

यदि आप गीता को पढ़ते हैं, या उपनिषद को पढ़ते हैं, या बाइबिल को, या किसी और शास्त्र को, तो क्या आप सोचते हैं, जितने लोग पढ़ते हैं वे सब एक ही बात समझते हैं? निश्चित ही जितने लोग पढ़ते हैं, उतनी ही बातें समझते हैं। शास्त्र से जो आप समझते हैं, वह शास्त्र से नहीं, आपकी ही समझ से आता है। स्वाभाविक है। जितनी मेरी समझ है, जो मेरे संस्कार हैं, जो मेरी शिक्षा है, उसके माध्यम से ही मैं समझ सकूंगा।



तो जब आप गीता को समझ लेते हैं, तो यह मत समझना कि कृष्ण के वचन आपने समझे। आपने अपने ही वचन समझे हैं। इसीलिए शास्त्र में भला सत्य हो, लेकिन शास्त्र के पढ़ने से सत्य उपलब्ध नहीं होता। इसे समझ लेना ठीक से। शास्त्र में भला सत्य हो, लेकिन शास्त्र समझने से सत्य उपलब्ध नहीं होता। हां, सत्य उपलब्ध हो जाए तो शास्त्र समझ में आ जाता है। क्यों?


कृष्ण ने जिस चेतना की स्थिति में वचन कहे हों गीता में, जब तक वैसी चेतना की स्थिति उपलब्ध न हो, कृष्ण के वचन नहीं समझे जा सकते हैं। जो भी आप समझेंगे, वह आपका अपना ही होगा। यही वजह है कि शास्त्रों पर इतना विवाद है। गीता पर हजार टीकाएं हैं। या तो कृष्ण पागल रहे होंगे, अगर उनके एक ही साथ हजार अर्थ हों; या उनका एक ही अर्थ रहा होगा। लेकिन जो हजार-हजार टीकाएं हैं, वे तो कहती हैं, हजार-हजार अर्थ हैं। निश्चित ही ये टीकाएं कृष्ण की गीता पर नहीं, इनके लिखने वालों की बुद्धि की सूचनाएं हैं। ये उनके अपने विचार का प्रतिफलन हैं। अन्यथा हजार अर्थ नहीं हो सकते कृष्ण की गीता में। सच तो यह है कि जितने लोग गीता पढ़ेंगे, उतने ही अर्थ हो जाएंगे। तो जो अर्थ आप समझ रहे हैं, वह गीता का है, इस भूल में मत पड़ना। वह आपका अपना है।


तो जब आप शास्त्र को पढ़ते हैं, आपको सत्य उपलब्ध नहीं होता, जो आप जानते हैं, उसका ही कोई अर्थ उपलब्ध होता है। और वह सत्य नहीं है। कोई सत्य को जान ले तो शास्त्र को समझ सकता है, लेकिन शास्त्र को समझ कर सत्य को नहीं समझ सकता। यही वजह है कि दुनिया के ये सारे धर्मग्रंथ एक ही सत्य को कहते हैं, लेकिन इनके मानने वाले आपस में लड़ते हैं, इनके मानने वालों में विरोध है। दुनिया में सत्य के नाम पर इतने संप्रदाय हैं। सत्य एक है और संप्रदाय अनेक हैं। क्या इससे यह समझ में नहीं आता कि संप्रदाय हम बनाते हैं, सत्य नहीं बनाता? और जैसे-जैसे दुनिया में विचार बढ़ता जाएगा, वैसे-वैसे उतने संप्रदाय हो जाएंगे जितने लोग हैं। क्योंकि विचार हरेक व्यक्ति को अपना मत पैदा करवा देता है।


तो मैंने जो कहा कि शास्त्रों के पढ़ने से सत्य नहीं मिलेगा, उसका अर्थ आप समझ लेना। आप उतना ही समझ सकते हैं जितनी आपकी चेतना की स्थिति है, उससे ज्यादा नहीं। इसलिए शास्त्र पढ़ कर आप अपना ही अर्थ जानते हैं, शास्त्र का अर्थ नहीं जानते। शास्त्र में भला सत्य हो, शास्त्र के अध्ययन से सत्य नहीं मिलेगा।


अमृत की दशा 


ओशो 

Popular Posts